मणिपुर हिंसा : पुलिस चौकी पर हमला कर हथियार और गोला-बारूद लूटा, 1 सुरक्षाकर्मी की मौत, सात बंकर तबाह

मणिपुर राष्ट्रीय राष्ट्रीय

इंफाल| मणिपुर में बिष्णुपुर के कीरेनफाबी और थंगलावई में पुलिस चौकी पर भीड़ ने हमला कर हथियार और गोला-बारूद का जखीरा लूट लिया। पुलिस के अनुसार, भीड़ ने मणिपुर राइफल्स की एक बटालियन से भी हथियार छीनने की कोशिश की, जिसे नाकाम कर दिया गया। वहीं, कोउट्रुक हारोथेई और सेनजाम चिरांग में सुरक्षाकर्मियों और भीड़ के बीच हुई फायरिंग में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई और एक घायल हो गया। कौट्रुक हिल रेंज में पुलिस ने ऑपरेशन चलाकर सात अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया। पुलिस ने बताया कि मणिपुर के पहाड़ी और घाटी दोनों जिलों में कुल 129 चौकियाँ स्थापित की गई हैं। राज्य के विभिन्न जिलों में उल्लंघन के सिलसिले में लगभग 1,047 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

गुरुवार (3 अगस्त) को बिष्णुपुर और चुराचांदपुर जिलों के बीच की सीमा पर फौगाकचाओ इखाई में करीब छह सौ की भीड़ इकठ्ठा हो गई। भीड़ में महिला और पुरुष दोनों शामिल थे। बिष्णुपुर के कांगवेई और फुगकचाओ में उपद्रवियों को संभालने के लिए आर्मी और आरएएफ ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। यहां कर्फ्यू में दी गई ढील अब बंद कर दी गई है। पिछले 24 घंटे में पूरे मणिपुर से 347 लोगों को हिरासत में लिया गया है। बता दें कि मणिपुर में 3 मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच हिंसा जारी है। हिंसा को 91 दिन बीत चुके हैं मगर हालात अभी भी सामान्य नहीं है। हिंसा में अब तक 160 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं एक हजार से ज्यादा लोग घायल हैं।

Leave a Reply