भोपाल। भगवान श्रीराम के परम भक्त माता अंजनी के पुत्र संकट मोचन हनुमानजी के जन्मोत्सव पर राजधानी में मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगने लगा था। भक्तगण सुबह से ही तुम रक्षक काहू को डरना…। नासे रोग हरे सब पीरा, जपे निरंतर हनुमत वीरा। संकट से हनुमान छुड़ाए, मन, कर्म, वचन, ध्याने जो लाए। जैसी चौपाइयों का गुणगान करते नजर आए। भक्त शिरोमणि बगरंगबली का विशेष अभिषेक करने के बाद चोला चढ़ाया गया। सुंदरकांड, बजरंगबाण, हनुमान अष्टक का पाठ किया गया। अनेक मंदिरों में सोमवार से अखंड रामायण का पाठ शुरू किया गया, जो मंगलवार को पूर्ण हुआ। अनुष्ठान, हवन की पूर्णाहुति के बाद महाआरती हुई। कई स्थानों पर भंडारे भी हुए। उधर शहर के विभिन्न स्थानों से भव्य शोभा यात्राएं निकली। उनमें रथ पर भगवान राम, लक्ष्मण, सीता के अलावा बाल हनुमान का वेष धारण किए बालक आकर्षक का केंद्र थे।
श्री रामानन्द आश्रम गुफा मंदिर धाम हनुमान जी महाराज का गुफा मंदिर के मंहत रामप्रवेश दास महाराज के सान्निध्य में 51 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा ब्रह्ममुहूर्त में चार बजे पंचामृत सहित विविध वस्तुओं से स्नान कराया। साथ ही तीर्थजल श्री सह स्त्रधारा अभिषेक किया। मंदिर के पुजारी पंडित लेखराज शर्मा ने बताया कि चोला अर्पित करने के बाद हनुमानजी का गुलाब, मोगरा एवं सेवंती के फूलों से दिव्य श्रृंगार किया। 101 किलो शुद्ध घी से निर्मित बूंदी का भोग लगाया बाद में सभी को प्रसाद वि तरण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे। शाहपुरा में बिजली कंपनी के आफिस के पास स्थित दक्षि ण मुखी हनुमान मंदिर में सोमवार से चल रही अखंड रामायण पाठ के समापन पर महाआरती हुई। साथ ही भंडारा भी हुआ। शाहपुरा सी सेक्टर स्थित पहाड़ावाली माता के मंदिर में स्थित हनुमान मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। यहां हनुमानजी का विशेष श्रृंगार किया गया। शहर के विभिन्न मंदिरों में अनुष्ठान का सिलसिला दिन भर जारी रहा।
त्रिलंगा सिद्ध श्री बाल स्वरूप हनुमान में किया नर्मदा कुंड का निर्माण
त्रिलंगा कालोनी स्थित सिद्ध श्री बाल स्वरूप हनुमान मंदिर प्रांगण में हनुमानजी जन्मोत्सव के तहत रविवार को मंदिर की उत्तर दिशा में नर्मदा कुंड का निर्माण किया गया। जहां पर देश की सभी पवित्र नदियों, समुद्र जल, बालू शीप समुद्री फेन, समुद्री काई उत्तराखंड व समस्त पहाड़ी क्षेत्रों में पाई जाने वाली सामग्री के कलश स्थापित कर भूमि व वरुण देवता का आह्वान किया गया। वहीं सोमवार व मंगलवार को विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। हनुमान मंदिरों में आकर्षक साज-सज्जा की गई है। मंदिरों को फूलों से सजाया गया है। सोमवार से ही अखंड रामायण पाठ शुरू हो गए हैं। 24 घंटे का अखंड राम संकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य पर प्राचीन पूर्व मुखी मनोकामना हनुमान मंदिर अन्ना नगर में 24 घंटे का रामायण पाठ सोमवार से शुरू हो गया है। जिसका समापन मंगलवार सुबह 10 बजे होगा। मंदिर में शाम 5 बजे प्रसादी वितरण होगा और भंडारा होगा।
मथुरा से मंगाई पोशाक
न्यू मार्केट स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर में विराजमान अंजनी सुत के लिए मथुरा से 51 हजार रुपये का चोला मंगाया गया है। इसे मथुरा के कारीगरों ने बारीक बुनाई से तैयार किया है। चोला तैयार करने के दौरान ये कारीगर सात्विक एवं नियम धर्म से रहते हैं।
बनारस से मंगाया कपड़ा
लोहा बाजार स्थित श्रीनाथजी मंदिर के बालाजी भक्त मंडल के गोपाल सोनी ने बताया कि श्रीनाथ बालाजी मंदिर में विराजमान हनुमान जी के लिए बनारस से चोले का कपड़ा मंगाया गया है। इधर चौबदारपुरा स्थित श्रीबांके बिहारी मार्कंडेय मंदिर में विराजमान हनुमान जी के चोले के लिए वृंदावन से कपड़ा मंगाया गया है, जिसे भोपाल में तैयार किया जा रहा है।
करुणाधाम में होंगे हनुमान चालीसा के 21 हजार पाठ
करुणाधाम आश्रम नेहरू नगर में हनुमान जी के जन्मोत्सव पर 21000 हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है। पीठाधीश्वर गुरुदेव श्री सुदेश शांडिल्य महाराज के सानिध्य में मंगलवार को सुबह छह बजे से रात 10 तक यह 21 हजार हनुमान चालीसा के पाठ होंगे।
श्रीकृष्ण मंदिर बरखेड़ा में भंडारा आज
भोजपाल महोत्सव मेला समिति और श्रीकृष्ण मंदिर विजय मार्केट बरखेड़ा की ओर से श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंगलवार शाम छह बजे भंडारे का आयोजन रखा गया है। समिति के अध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि मंदिर में सुबह छह बजे से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे, जो देर रात तक चलेंगे।
हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर आसमान में छोड़े गुब्बारे
ओम शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर आसमान में गुब्बारे छोड़े गए। मंडल के सचिव रिंकू भटेजा ने बताया कि गोविंद गार्डन रायसेन रोड पर भगवान राम की 15 फीट ऊंची एलईडी के समक्ष भगवा रंग के गुब्बारे आसमान में उड़ा कर प्रसाद वितरण किया गया। जय श्रीराम के जयकारे लगाए। इस मौके पर गुड्डू अग्रवाल, सचिन सेवारानी, उमेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


