भोपाल में बस-एंबुलेंस की भिड़ंत, 2 की मौत

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| भोपाल के बैरसिया में शुक्रवार को एक यात्री बस और एंबुलेंस की भिड़ंत हो गई। घटना शाम करीब 5.30 बजे भैसोदा गांव में हुई। हादसे में एंबुलेंस ड्राइवर और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस ड्राइवर, कंडक्टर सहित 6 से अधिक यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी को बैरसिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के वक्त एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था।

बस में सवार थे 24 से अधिक यात्री

बैरसिया थाना प्रभारी नरेंद्र कुलस्ते ने बताया कि हादसे में बैरसिया के रमगढ़ा गांव निवासी कमलेश राजपूत (44) और चताखेड़ा निवासी नेतराम बंसल (41) की मौत हुई है। कमलेश एंबुलेंस ड्राइवर था, जबकि नेतराम बंशकार इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन था। दोनों भोपाल की तरफ से जा रहे थे। जबकि आरोन-भोपाल के बीच चलने वाली निजी ट्रैवल्स की बस भोपाल जा रही थी। बस में करीब 24 लोग सवार थे। चश्मदीदों ने बताया कि हादसे के समय एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई थी।

शव के पास मिला मोबाइल फोन
हादसे के बाद स्पॉट पर पहुंची पुलिस को चालक के सिर के पास ही मोबाइल फोन मिला है। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने के कारण हादसा हुआ है। टक्कर के बाद एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एंबुलेंस- बस दुर्घटना पर दु:ख व्यक्त किया

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल-बैरसिया रोड पर एंबुलेंस एवं बस के टकराने से हुई दुर्घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। सीएम डॉ. यादव ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मृतकों के परिजनों को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। सीएम ने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Reply