भोपाल में बनेगा राजा भोज पर रिसर्च सेंटर, कला व साहित्य को मिलेगा प्रोत्साहन

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

मुख्यमंत्री ने मप्र पर्यटन बोर्ड के संचालक मंडल की ली बैठक।
कहा- पर्यटन संबंधी रोजगार कोर्स के संचालन का करें प्रयास।
स्थानीय कला और पारम्परिक नृत्यों का भी प्रचार-प्रसार होगा।

भोपाल। भोपाल में राजा भोज की कलाओं और साहित्य पर आधारित रिसर्च सेंटर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस संबंध में कहा है कि भोपाल में राजा भोज की कलाओं और साहित्य पर आधारित रिसर्च सेंटर या म्यूजियम बनाने की योजना पर कार्य करें। युवाओं को आकर्षित करने वाली साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दें। प्रदेश में फिल्मांकन के लिए आने वाले प्रोडक्शन हाउस और कलाकारों से समन्वय कर प्रदेश की अच्छी योजनाओं और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मंत्रालय में मध्य प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के संचालक मंडल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने पर्यटन बोर्ड की संरचना, दायित्वों, निवेश संवर्धन की नीतियों, प्रचार-प्रसार और पर्यटन विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पारम्परिक भव्य मेलों और यात्राओं जैसे भगोरिया उत्सव एवं महाकाल की सवारी आदि का प्रभावी माध्यम से प्रचार करें। आधुनिक प्रचार-प्रसार के साथ पारंपरिक वाद्य यंत्रों को बजाने वाले स्थानीय कलाकारों और पारंपरिक नृत्य दलों को जोड़कर उन्हें प्रोत्साहित करें।

स्थानीय कला व पारंपरिक नृत्य का प्रचार प्रसार
इससे स्थानीय कला और पारम्परिक नृत्यों का भी प्रचार-प्रसार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएमश्री पर्यटन वायु सेवा के लिए जिन मार्गों पर यात्रियों की बुकिंग अधिक आ रही है, वहां उड़ानों की संख्या बढ़ाएं। अधिक बैठक क्षमता वाले एयरक्राफ्ट संचालित करें। धार्मिक तीर्थ दर्शन योजना में वायु सेवा के मार्ग को शामिल करें। शासन के क्लास-2 और 3 कार्यपालिक अधिकारियों को भी पीएमश्री पर्यटन वायु सेवा द्वारा आवागमन के लिए पात्रता पर विचार कर प्रस्ताव बनाएं।

पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालय से जुड़कर पर्यटन क्षेत्र में रोजगार मूलक स्किल डेवलपमेंट कोर्स संचालित करने की योजना पर कार्य करें। इससे प्रदेश के अधिकाधिक युवा पर्यटन से जुड़ेंगे और उन्हें रोजगार भी मिलेगा। सहकारिता के माध्यम से पर्यटन स्थलों के पास वे-साइड एमेनिटीज और हाईवे ट्रीट आदि को भी चलाने का प्रयास करें।प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने पर्यटन बोर्ड की वर्तमान गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में पर्यटन और संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और उपाध्यक्ष टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड धर्मेंद्र सिंह लोधी वीसी के माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply