भोपाल के खानू गांव में रेड : एनआईए ने पिता-पुत्र को 7 घंटे पूछताछ के बाद छोड़ा, पीएफआई के लिए काम करने का शक

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने बुधवार तड़के भोपाल के खानू गांव इलाके में एक घर पर दबिश दी। यहां रहने वाले पिता-पुत्र को हिरासत में लिया। करीब 7 घंटे तक पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया। जांच एजेंसी को उनके पीएफआई से संपर्क के इनपुट मिले हैं। स्थानीय पुलिस को इस कार्रवाई की भनक तक नहीं लगी। एनआईए की टीम ने बुधवार को छह राज्यों मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में छापेमारी की। ये सर्च ऑपरेशन पीएफआई के 12 ठिकानों पर चल रहा है। पीएफआई को पिछले साल आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के चलते बैन कर दिया गया था।

छत के रास्ते आई एनआईए की टीम

बुधवार तड़के 3:30 बजे मेहफूज के घर को चारों और से घेरने के बाद एनआईए की टीम ने गेट खटखटाया। कई बार नॉक करने के बाद भी जब गेट नहीं खुला तो छत के रास्ते घर में प्रवेश किया। इसके बाद 10:30 बजे पिता-पुत्र से पूछताछ के बाद टीम रवाना हो गई।

प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं पिता-पुत्र

टीम ने पिता-पुत्र के दो मोबाइल जब्त किए हैं। घर में सर्चिंग करने पर एनआईए को संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। एनआईए ने कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है। जानकारी के मुताबिक मेहफूज फलाही पुत्र नौमान फलाही (55), इनका बेटा मुसब फलाही (24) दोनों ही वीआईपी रोड पर स्थित एलजीएस स्कूल में टीचर हैं। मेहफूज स्कूल के बच्चों को उर्दू की तालीम देता है। इसी के साथ आरीठे वाली मस्जिद के पास तलैया थाना इलाके में किराना दुकान संचालित करता है। मुसब एलजीएस स्कूल में ही इंग्लिश पढ़ाता है।

पड़ोसियों से नहीं रखते मेलजोल

जिस घर में एनआईए ने कार्रवाई की, वहां मेहफूज और उसका बेटा वर्ष 2019 से रह रहे थे। दोनों पड़ोसियों से मेलजोल नहीं रखते थे। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने जब पुलिस वाहन और लोगों को देखा तो उन्हें कार्रवाई की भनक लगी। पड़ोसियों ने बताया कि पिता-पुत्र किसी से बात नहीं करते थे।

नीमच में जांच एजेंसी के इनपुट पर व्यापारी हिरासत में

मध्यप्रदेश एटीएस ने टेरर फंडिंग मामले में नीमच से एक व्यापारी को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक नीमच के व्यापारी दीपक सिंघल ने करोड़ों रुपए का हवाला सेल कंपनियों के मार्फत किया है। व्यापारी पर आरोप है कि उसके कनेक्शन चीन में भी हैं। व्यापारी ने हवाला के जरिए कई देशों में करोड़ों रुपए का लेन-देन किया है। जीएसटी विभाग का भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपए का टैक्स नहीं चुकाया है। बताया जा रहा है कि सोमवार को दीपक सिंघल को हिरासत में लिया था। यह कार्रवाई एनआईए के इनपुट के आधार पर की गई है।

दो महीने पहले भोपाल में 10 जगह पड़े थे एनआईए के छापे
एनआईए ने दो महीने पहले भोपाल में 10 अलग-अलग जगहों पर छापे मारे थे। 10 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया था। इनमें जहांगीराबाद इलाके से समीना, उसके देवर शोएब और जीजा मुजाहिद को भी पकड़ा गया था। समीना और उसका परिवार यहां किराए से रहता है। मकान एक्टर रजा मुराद के दामाद के छोटे भाई का है। पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया था। एनआईए को दिल्ली में दर्ज एक पुराने मामले से जुड़े संदिग्धों के भोपाल में छिपे होने की सूचना मिली थी। यह इनपुट मामले के एक अन्य आरोपी से हुई पूछताछ में मिला था, जो छत्तीसगढ़ से जुड़ा है। टीम इसी आरोपी को लेकर भोपाल पहुंची थी।

Leave a Reply