भारत ने लगातार तीसरी बार पाकिस्तान को धूल चटाकर एशिया कप का खिताब जीता

क्रिकेट खेल देश/प्रदेश राष्ट्रीय

एजेंसी, दुबई। कुलदीप यादव (चार विकेट), वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद तिलक वर्मा (नाबाद 69 ) और शिवम दूब (33 ) की दमदार पारियों की बदौलत भारत ने रविवार को फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को दो गेंदे शेष रहते पांच विकेट से हराकर एशियाकप का खिताब अपने नाम किया। 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 20 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। अभिषेक शर्मा (पांच) सूर्यकुमार यादव (एक) और शुभमन गिल 12 रन बनाकर आउट हुये। ऐसे संकट के समय तिलक वर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी ने पारी को संभाला और चौथे विकेट लिए 57 रन जोड़े। 13वें ओवर में अब रार अहमद ने संजू सैमसन को साहिबजादा फरहान के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। सैमसन ने 21 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 24 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये शिवम दूबे ने तिलक वर्मा के साथ मोर्चा संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। 19वें ओवर में फहीम अशरफ ने शिवम दूबे को आउट किया। दूबे ने 22 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 33 रनों की पारी खेली। भारत ने 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन बनाकर पांच विकेट से एशिया कप का खिताब जीत लिया। रिंकू सिंह ने भारत के लिए विजयी चौका लगाया। तिलक वर्मा ने 53 गेंदों में चार छक्के और तीन चौके लगाते हुए (नाबाद 69) रनों की मैच विजयी पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से फहीम अशरफ को तीन विकेट मिले। शाहीन शाह अफरीदी और अबरार अहमद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और फखर जमान अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़े। एक समय ऐसा लगा रहा था कि पाकिस्तान बड़ा स्कोर खड़ा करेगा। 10वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने साहिबजादा फरहान को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। साहिबजादा फरहान ने 38 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लागते हुए 57 रन बनाये। इसके बाद 13वें ओवर में कुलदीप यादव ने सैम अयूब (14) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। मोहम्मद हारिस (शून्य) को अक्षर पटेल ने आउट किया। 15वें ओवर में पाकिस्तान का चौथा विकेट फखर जमान के रूप में गिरा। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने कुलदीप यादव के हाथों कैच आउट कराया। फखर जमान ने 35 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 46 रनों की पारी खेली। इसके बाद भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे पाकिस्तान का मध्यमक्रम और पिछल्लू बल्लेबाज तू चल मैं आया की तर्ज पर एक के बाद एक पवेलियन लौटते चले गये। 20वें ओवर की पहली गेंद पर बुमराह ने मोहम्मद नवाज (छह) को रिंकू सिंह के हाथों कैच आउटकरा पाकिस्तान की पारी का 146 के स्कोर पर अंत कर दिया। पाकिस्तान के आठ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिये। अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट लिये।

अभिषेक शर्मा बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

एशिया कप-25 में अपने दमदार प्रदर्शन से सबका दिल जीतने वाले भारतीय युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को टूर्नामेंट का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें इनाम में मिली है एक लग्जरी और पावरफुल हवल एच9 एसयूवी। यह एसयूवी अपने रफ-एंड-टफ लुक, लग्जरी फीचर्स और बेहतरीन ऑफ-रोडिंग क्षमता के लिए जानी जाती है।

जीत के बाद मालामाल हुई भारतीय टीम, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने की पैसों की बरसा

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर 9वीं बार खिताब अपने नाम किया। पाकिस्तान ने 147 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे भारत ने तिलक वर्मा, शिवम दुबे और संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी के दम पर हासिल कर लिया।ई-पेपर सब्सक्रिप्शन

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से 21 करोड़ का इनाम
एशिया कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए 21 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि की घोषणा की। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया कि प्रत्येक खिलाड़ी को कितनी राशि मिलेगी।

भारत का एशिया कप में दबदबा
भारत ने अब तक 9 बार एशिया कप जीता है, जिसमें 7 वनडे और 2 टी20 खिताब शामिल हैं। यह उपलब्धि भारत को इस टूर्नामेंट में सबसे सफल टीम बनाती है। श्रीलंका ने 6 बार और पाकिस्तान ने 2 बार यह खिताब जीता है।

कुलदीप यादव का शानदार प्रदर्शन
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 146 रन बनाए। साहिबजादा फरहान और फखर जमां ने 84 रनों की साझेदारी के साथ मजबूत शुरुआत दी, लेकिन इसके बाद उनकी बल्लेबाजी ढह गई। कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर पाकिस्तान को 146 रनों पर समेट दिया। वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट लिए।

तिलक और दुबे की धमाकेदार बल्लेबाजी
भारत के लिए तिलक वर्मा ने 53 गेंदों में 69 रन (3 चौके, 4 छक्के) की शानदार पारी खेली। शिवम दुबे ने 22 गेंदों में 33 रन (2 चौके, 2 छक्के) बनाए, जिससे भारत ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।

भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से किया इनकार… तो साथ ले गए ट्रॉफी, बीसीसीआई उठाएगा कड़ा कदम

दुबई: क्रिकेट के मैदान पर एक अनोखा और विवादास्पद घटनाक्रम सामने आया है। एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में पांच विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। लेकिन मैच के बाद ट्रॉफी वितरण समारोह में अजीबो गरीब स्थिति उत्पन्न हो गई। भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से साफ इनकार कर दिया। जवाब में, नकवी ने ट्रॉफी अपने साथ ले जाने का फैसला किया, जिससे क्रिकेट जगत में हंगामा मच गया। दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए फाइनल के बाद भारतीय खिलाड़ी मैदान पर उतरे। उनके साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा, मुख्य कोच गौतम गंभीर की पत्नी नताशा और उनकी बेटियां भी मौजूद थीं। सभी जीत के जश्न में डूबे हुए थे। इस बीच, मैदान से कुछ दूरी पर नकवी अपने सहयोगियों के साथ खड़े थे। सूत्रों के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पहले ही एसीसी को स्पष्ट कर दिया था कि भारतीय टीम नकवी से ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी, क्योंकि नकवी अपने भारत-विरोधी बयानों और रवैये के लिए जाने जाते हैं।

ऐसा पहले कभी नहीं देखा… एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर बोले सूर्यकुमार

दुबई। एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी स्वीकार न करने के भारतीय टीम के फैसले के बाद, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि असली जीत खिलाड़ियों और उनके जज्बे में होती है, न कि ट्रॉफी में। रविवार को हुए एशिया कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। पहलगाम में हुए आतंकी हमले और इसके बाद भारत सरकार के ऑपरेशन सिंदूर के कारण पूरे टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच तनाव स्पष्ट दिखाई दिया। ई-पेपर सब्सक्रिप्शन मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा, “मैंने पहले कभी नहीं देखा कि जीतने वाली टीम को ट्रॉफी न दी जाए, लेकिन मेरे लिए मेरी टीम और सहयोगी स्टाफ ही असली खजाना हैं।” भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाने से परहेज किया। भारत ने टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ तीनों मुकाबले जीते। सूर्यकुमार ने बाद में एक्स पर पोस्ट किया, “मैच खत्म होने के बाद लोग चैंपियनों को याद रखते हैं, न कि ट्रॉफी की तस्वीर को।” ट्रॉफी न लेने के फैसले पर उन्होंने स्पष्ट किया, “यह हमारा मैदान पर लिया गया फैसला था। हमें किसी ने इसके लिए नहीं कहा।”

Leave a Reply