भारतीय पहलवान विनेश फोगाट का दिल्ली एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत, बजरंग और साक्षी स्वागत के लिए पहुंचे

कुश्ती खेल नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली। भारतीय पहलवान विनेश फोगाट पेरिस से भारत वापस लौट आई हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। विनेश फोगाट एयरपोर्ट पर पहुंचीं तो देशवासियों का प्यार पाकर वो इमोशनल हो गईं। उनकी आंखों में आंसू देखे गए। विनेश फूल मालाओं से लदी थीं। उन्होंने खुली जीप में सवार होकर लोगों का आभार व्यक्त किया। विनेश ने हाथ जोड़कर कहा,मैं पूरे देश का आभार व्यक्त करती हूं। दिल्ली एयरपोर्ट पर विनेश को भारत के ओलंपिक मेडल विजेता रह चुके बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक ने रिसीव किया। एयरपोर्ट पर कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी उनका स्वागत किया। विनेश अब दिल्ली से अपने गांव बलाली जाएंगी। विने श की स्वदेश वापसी को लेकर दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से लेकर उनके गांव बलाली तक स्वागत की तैयारी की गई। गांववाले विनेश के स्वागत के लिए काफी उत्साहित हैं। विनेश के वापस आने से पूर्व उनके भाई हरिंदर सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि कुश्ती और इस खेल को पसंद करने वाले सभी लोग एयरपोर्ट पर विनेश का स्वागत करने आ पहुंचे हैं।

पेरिस ओलंपिक में फाइनल से पहले किए गए वजन में उनका वजन 100 ग्राम अधिक निकला था जिसके कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। विनेश ने संयुक्त रूप से रजत पदक दिलाने के लिए खेल पंचाट में अपील की थी जिसके कारण वह पेरिस में रुकी रही। खेल पंचाट ने उनकी अपील को खारिज कर दिया था। लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता निशानेबाज और पेरिस ओलंपिक में भारतीय दल के नेता गगन नारंग ने विनेश को चैंपियन करार दिया। यह दोनों एक ही उड़ान से दिल्ली पहुंचे थे। नारंग ने पेरिस हवाई अड्डे पर विनेश के साथ खींची गई तस्वीर को एक्स पर पोस्ट किया। नारंग ने लिखा,वह खेल गांव में पहले दिन चैंपियन के रूप में पहुंची थी और वह हमेशा हमारी चैंपियन रहेगी। कुछ अवसरों पर करोड़ों लोगों को प्रेरित करने के लिए ओलंपिक पदक की जरूरत नहीं पड़ती। विनेश फोगाट आपने लोगों को प्रेरित किया है। आपके जज्बे को सलाम। विनेश के भाई हरविंदर फोगाट ने कहा,‘‘विनेश स्वदेश लौट रही है। लोग यहां हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए पहुंचे हैं। लोग हमारे गांव में भी उनका स्वागत करने के लिए इंतजार कर रहे हैं। लोग उनसे मिलने को लेकर उत्साहित हैं।

Leave a Reply