एजेंसी, नई दिल्ली। बिहार के युवा नेता नितिन नबीन को भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। सोमवार को पूरी हुई नामांकन प्रक्रिया में उनके अलावा कोई अन्य उम्मीदवार नहीं था, इसलिए मंगलवार (20 जनवरी 2026) को उन्होंने निर्विरोध रूप से अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। यह ऐतिहासिक बदलाव पार्टी में पीढ़ीगत नेतृत्व परिवर्तन का संकेत है। 45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के इतिहास में सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन रहे हैं। वे 14 दिसंबर 2025 से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर थे, और अब पूर्णकालिक अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।
नामांकन में भारी समर्थन
पार्टी मुख्यालय में सोमवार दोपहर दो से शाम चार बजे तक चली नामांकन प्रक्रिया में नितिन नवीन के पक्ष में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल हुए। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित 37 सांसदों के हस्ताक्षर वाले एक सेट भी शामिल था, जो संसदीय बोर्ड की ओर से प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण ने सभी नामांकन वैध पाए जाने की पुष्टि की और शाम पांच बजे नामांकन वापसी की समयसीमा समाप्त होने के बाद घोषणा की कि केवल एक ही उम्मीदवार यानी नितिन नवीन ही हैं।
आज पदभार ग्रहण का कार्यक्रम
मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विशेष समारोह होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। जेपी नड्डा नितिन नबीन को औपचारिक रूप से पदभार सौंपेंगे। नितिन नबीन बिहार से पांच बार विधायक रह चुके हैं और पूर्व मंत्री भी। वे युवा मोर्चा से निकले संगठनकर्ता के रूप में जाने जाते हैं, जिन्होंने पार्टी के ग्राउंड लेवल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह नियुक्ति पार्टी की रणनीति को नई ऊर्जा देने और आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनावों के लिए तैयार करने का संकेत मानी जा रही है। भाजपा में ‘नवीन’ युग की शुरुआत हो गई है, जहां युवा नेतृत्व के साथ संगठन को और मजबूत करने का संकल्प दिख रहा है।
भाजपा के नए अध्यक्ष की ताजपोशी पर बोले PM मोदी- विकसित भारत के लिए महत्वपूर्ण कालखंड में भाजपा का नेतृत्व युवा हाथों में
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि अगले 25 वर्ष में विकसित भारत का निर्माण होना तय है और इस महत्वपूर्ण कालखंड के प्रारंभ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नेतृत्व नितिन नबीन जैसा युवा नेता संभाल रहा है। पीएम मोदी ने पार्टी के मुख्यालय पर आयोजित भाजपा संगठन पर्व समारोह को संबोधित कर रहे थे। इसी समारोह में नबीन ने पार्टी के अध्यक्ष पद का दायित्व संभाला। वह सोमवार को संगठनात्मक चुनाव में निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किये गये। पीएम मोदी ने कहा, “अगले 25 वर्ष भारत के लिए एक महत्वपूर्ण कालखंड है। इसमें विकसित भारत का निर्माण होना है।” उन्होंने जोर देकर कहा, “विकसित भारत का निर्माण होना तय है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि नबीन एक तरह से मिलेनियल जेनरेशन के हैं और उन्होंने अपने आँखों के सामने भारत में बहुत बड़े बदलाव होते देखा है।
पीएम मोदी ने कहा कि उनके लिए यह बड़ी बात नहीं है कि वह शासनाध्यक्ष कहे जाते हैं, बल्कि उनके जीवन में उनके लिए सबसे बड़े गर्व बात है कि वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि बीते कई महिनों से पार्टी की छोटी इकाई से लेकर अध्यक्ष के चुनाव की व्यापक प्रक्रिया शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से और पार्टी की संविधान की भावना के साथ संपन्न हुआ है। चुनाव प्रक्रिया के विधिपूर्वक समापन पर पार्टी ने आज संगठन पर्व का आयोजन किया। इससे पहले मोदी ने पार्टी के नये अध्यक्ष को दुनिया के सबसे बड़े राजनैतिक दल का अध्यक्ष चुने जाने के लिए बधाई दी और उनके गले में गमछा डालकर उनका स्वागत किया। पार्टी के निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि नितिन नबीन मूलत: कार्यकर्ता हैं, वैचारिक पृष्ठभूमि पर परिपक्व हैं और बहुत ही छोटी उम्र में पांच बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में भी विधायक हैं। उन्होंने कहा,”ऐसे नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान व्यक्तित्व ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला है।”
भाजपा संगठन केवल एक व्यवस्था भर नहीं बल्कि संस्कार है- निर्वाचन के बाद बोले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नये अध्यक्ष नितिन नबीन ने तमिलनाडु, असम और पश्चिम बंगाल समते कुछ राज्यों में आबादी के स्वरूप में बदलाव को एक बड़ी चुनौती बताते हुए मंगलवार को कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता इस चुनौती का सामना करेंगे। नबीन ने अपने निर्वाचन पर पार्टी यहां मुख्यालय पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में को संबोधित करते हुए पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों का उल्लेख किया और वहां डेमोग्राफी (जननांकीय स्वरूप) में बदलाव से उत्पन्न चुनौती का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ‘ अगले कुछ महीनों में तमिलनाडु, असम, बंगाल, केरल और पुडुचेरी में चुनाव होने वाला है और वहां की डेमोग्राफी बदलने पर चर्चा हो रही है। यह हमारे लिए चुनौती है लेकिन हम पूरी तरह आश्वस्त हैं कि भाजपा के सशक्त कार्यकर्ता सबकुछ संभव कर देंगे।” नबीन ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा संगठन केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि एक संस्कार है। उन्होंने कहा, ‘ राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मेरा निर्वाचन एक साधारण कार्यकर्ता की असाधारण यात्रा को मिला सम्मान है और सेवा का दृढ़ संकल्प है।’ उन्होंने इस नई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मैं उन सभी प्रदेशों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का भी हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने इस पद के लिए मेरा नाम प्रस्तावित किया। नबीन ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को विकसित भारत बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए हम सभी पूर्ण एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्यरत रहना होगा।
यह भी पढ़ें : शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने त्यागा अन्न-जल, धरने पर बैठे; आगे की रणनीति पर करेंगे खुलासा
उन्होंने पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व के लिए आभार प्रकट करते हुये कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन ने अभूतपूर्व विस्तार देखा, और कार्यकर्ता-आधारित राजनीति तथा सेवा की संस्कृति और अधिक सुदृढ़ हुई। उसी संगठनात्मक परंपरा को आगे बढ़ाना मेरा साझा संकल्प है। नबीन ने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां बड़े पदों और बड़ी जिम्मेदारियों के लिए किसी विशेष परिवार से होना आवश्यक नहीं। यहां साधारण कार्यकर्ता होना ही सबसे बड़ी योग्यता है। इसी संगठन में एक सामान्य परिवार का व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और एक साधारण कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे दायित्व तक पहुँच सकता है। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में संगठन में जमीनी स्तर से लेकर आज इस दायित्व तक पहुंचना, मेरे लिए सौभाग्य और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठजनों और करोड़ों कार्यकर्ताओं के अटूट विश्वास और अपार सहयोग से ही यह संभव हुआ है। नबीन ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की अवधारणा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान से लेकर पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद तक, अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों से लेकर प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व में साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा युवा शक्ति पर भरोसा किया है और यह भरोसा केवल नारों तक सीमित नहीं रहा। यह संगठन की संरचना, निर्णय प्रक्रिया और नेतृत्व निर्माण में लगातार दिखाई देता है।
नबीन ने युवाओं को राजनीति में आने का आह्वान करनते हुये कहा , ‘ राजनीति कोई 100 मीटर की रेस नहीं बल्कि मैराथन है। 100 मीटर की रेस में स्पीड का टेस्ट होता है वहीं मैराथन में स्टेमिना (शक्ति) का परीक्षण होता है। उन्होंने युवाओं को दिये अपने संदेश में कहा कि धैर्य के साथ राजनीति की पिच पर जमे रहने की जरूरत है। ‘ नबीन ने कहा कि सेवा, विस्तार और कार्यकर्ता सशक्तिकरण की यह संगठनात्मक यात्रा प्रधानमंत्री मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के संगठनात्मक मार्गदर्शन और देशभर के समर्पित कार्यकर्ताओं के निरंतर परिश्रम से आगे बढ़ी है, और आगे भी इसी सामूहिक शक्ति से आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा, “आज मैं देश के प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता से कहना चाहता हूँ, आप केवल कार्यकर्ता नहीं हैं, आप राष्ट्र निर्माण के सिपाही हैं। आपका संघर्ष, आपकी निष्ठा और आपका परिश्रम भारत के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।” नबीन कहा, ” हमारा लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है: 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना और प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को सिद्ध करना है। एक ऐसा भारत बनाना, जहां विकास और विरासत साथ-साथ आगे बढ़ें।” उन्होंने कहा कि मुझे ज्ञात है कि यह यात्रा लंबी है और चुनौतियां भी आएंगी, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता कभी डगमगाता नहीं, क्योंकि वह सत्ता की नहीं, सेवा और संकल्प की राजनीति करता है। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं इस महान संगठन का कार्यकर्ता हूँ। मुझे गर्व है कि मैं भाजपा परिवार का हिस्सा हूं।


