जोबट। भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने की लंबी फेहरिस्त में बुधवार को कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव सुरपाल अजनार का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने उज्जैन में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में जाने के बाद उन्होंने चर्चा में कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का न्यौता अस्वीकार करने के बाद से ही कांग्रेस से घृणा हो गई थी। जो राम का नहीं, किसी काम का नहीं। कांग्रेस अब पतन की ओर अग्रसर है। यहां न कोई रीति है और न ही कोई नीति। न कोई अनुशासन है और न ही कार्यकर्ताओं का सम्मान। अजनार ने कहा, मेरे पिता सुमेरसिंह अजनार ने कांग्रेस में 45 साल तक निःस्वार्थ भाव से काम किया। उसके बाद मैंने भी पिता के आदर्शों पर चलकर पार्टी को मजबूत बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। हालांकि यहां कभी यथोचित सम्मान नहीं मिला। केवल उपेक्षा ही मिलती रही। भाजपा में छोटे-बड़े सभी कार्यकर्ताओं को समान रूप से सम्मान मिलता है। इसलिए भाजपा में जाने का फैसला लिया है। बता दें कि अजनार के अलावा जिले के कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली है। इनमें जोबट के रघुनंदन शर्मा, आजादनगर के आनंद शाह शामिल हैं।


