भाजपा अध्यक्ष चुनाव : नितिन नबीन ने भरा नामांकन, जीत लगभग तय, स्टार लीडर्स का लगा मेला

भाजपा अध्यक्ष चुनाव : नितिन नबीन ने भरा नामांकन, जीत लगभग तय, स्टार लीडर्स का लगा मेला

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यवाहक अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए पर्चे भरने की प्रक्रिया सोमवार को अपराह्न दो बजे शुरू हो गयी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरने के दिन आज राजधानी में पार्टी के मुख्यालय पर शीर्ष नेताओं, भाजपा की सरकार वाले राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों तथा केंद्रीय मंत्रियों का जमावड़ा लगा था।

अपराह्न दो से शाम चार बजे तक नामांकन के लिए निर्धारित अवधि के प्रारंभ में पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व अध्यक्ष सर्वश्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और नितिन गडकरी ने पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ निर्वाचन अधिकारी डॉ के लक्ष्मण को नबीन के नाम के प्रस्ताव का परचा सौंपा। उनके साथ केंद्रीय मंत्री किरन रिजीजू, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेन्द्र यादव और कुछ अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता भी थे। भाजपा की प्रदेश इकाइयों की ओर से भी नितिन नबीन के नामांकन के अनुमोदन के परचे प्रस्तुत किये गये। पार्टी मुख्यालय पर केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और मनोहर लाल खट्टर भी उपस्थित थे। अध्यक्ष पद के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच शाम चार से पांच बजे तक की जाएगी और नाम शाम छह बजे तक नाम वापस लिये जा सकेंगे।

पार्टी के सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के निर्वाचित घोषित किये जाने की औपचारिकता मात्र शेष है। उनके अनुसार इस पद के लिए किसी अन्य प्रत्याशी के नामांकन दाखिल करने की संभावना नहीं के बराबर है। भाजपा के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए जारी कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक प्रत्याशी होंगे तो मंगलवार 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा। पार्टी के सूत्रों ने कहा कि निर्वाचन अधिकारी आज शाम छह बजे के बाद निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर सकते हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता पार्टी मुख्यालय पहुंच गये थे।

ये भी पढ़े : भारत-न्यूजीलैंड वनडे : 37 साल बाद भारत में वनडे सीरीज जीती न्‍यूजीलैंड, इंदौर में भारत को मिली पहली हार

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव में मोहन यादव-शिवराज सिंह-सिंधिया समेत ये नेता बनेंगे प्रस्तावक
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव सोमवार को नामांकन होगा। जिसके बाद 20 जनवरी को कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया जाएगा। मध्यप्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत भाजपा के 20 नेता प्रस्तावक बनेंगे।

एमपी के 20 नेता राष्ट्रीय परिषद के सदस्य
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल, कैलाश विजयवर्गीय प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह शामिल हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों में शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र कुमार खटीक, दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर के नाम शामिल हैं। सांसद सदस्यों में फग्गन सिंह कुलस्ते, विष्णु शर्मा, सुमित्रा बाल्मीकि, कविता पाटीदार हैं। वहीं इनके अलावा जयभान सिंह पवैया, लाल सिंह आर्य, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव, ओमप्रकाश धुर्वे दिल्ली पहुंच गए हैं। अगले दो दिन तक ये सभी नेता दिल्ली में रहेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत प्रदेश संगठन के कई नेता भी दिल्ली पहुंचे हैं।

कहां से किस नेता को जिम्मेदारी
मालवा से सीएम डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार शामिल हैं।
मध्य से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, बुंदेलखंड से केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव शामिल हैं।
वहीं, विंध्य से डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल एकमात्र राष्ट्रीय परिषद के सदस्य हैं।
ग्वालियर-चंबल से ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीडी शर्मा, महाराष्ट्र के सह प्रभारी पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, लाल सिंह आर्य और पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा शामिल हैं।
महाकौशल से मंत्री राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, ओमप्रकाश धुर्वे और राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि प्रस्तावकों में शामिल हैं।
बता दें कि, वर्तमान में नितिन नवीन बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री का पद संभाल रहे हैं। वह पटना की बांकीपुर विधानसभा से चार बार के विधायक रह चुके हैं।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply