बोले ट्रंप- भारत-अमेरिका दूर करें व्यापारिक रुकावट, ट्रेड डील पर जल्द शुरू करेंगे बातचीत…

अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, न्यूयॉर्क/वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्वास जताया है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक वार्ताएं सकारात्मक नतीजों तक पहुंचेंगी और इसमें कोई बड़ी बाधा नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही अपने “खास मित्र” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करेंगे। इस बयान को दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। मंगलवार को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि वह इस बात से खुश हैं कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक समझौते की राह में आने वाली अड़चनों को दूर करने के लिए बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा, “मैं अगले कुछ हफ्तों में अपने प्रिय मित्र प्रधानमंत्री मोदी से चर्चा करने के लिए उत्साहित हूं। मुझे पूरा यकीन है कि दोनों देशों के बीच बातचीत सफलतापूर्वक संपन्न होगी और कोई परेशानी नहीं आएगी।” ट्रंप का यह बयान द्विपक्षीय रिश्तों में सकारात्मक बदलाव का संकेत देता है। हाल के वर्षों में अमेरिका द्वारा लगाए गए शुल्क और भारत के रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर दोनों देशों के संबंध अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए थे। ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत पारस्परिक शुल्क और रूसी तेल खरीद के लिए अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क लगाया है, जिससे भारत पर कुल 50 प्रतिशत शुल्क लागू हो गया है, जो वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक है।

भारत ने इन शुल्कों को “अनुचित और तर्कहीन” करार दिया है। साथ ही, रूसी तेल खरीद का बचाव करते हुए भारत ने कहा है कि उसकी ऊर्जा खरीद राष्ट्रीय हितों और बाजार की स्थिति पर आधारित है। पिछले कुछ महीनों तक भारत की आलोचना करने के बाद, ट्रंप ने पिछले सप्ताह कहा था कि दोनों देशों के बीच “विशेष रिश्ता” है और चिंता की कोई बात नहीं है। शुक्रवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में उन्होंने कहा, “मैं हमेशा नरेंद्र मोदी का दोस्त रहूंगा। वह एक शानदार प्रधानमंत्री हैं, लेकिन मुझे उनके कुछ मौजूदा कदम पसंद नहीं हैं। फिर भी, भारत और अमेरिका के बीच खास रिश्ता है, और कोई चिंता की बात नहीं है। कभी-कभी कुछ मुश्किल पल आ जाते हैं।” इस बयान पर जवाब देते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वह भारत-अमेरिका संबंधों पर ट्रंप के सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हैं। मोदी ने कहा, “हम राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं और हमारे रिश्तों पर उनके सकारात्मक विचारों का सम्मान करते हैं और इसका पूर्ण समर्थन करते हैं।”

ट्रंप के साथ बात करने के लिए उत्सुक हूं…, अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान पर पीएम मोदी का रिएक्शन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता के सकारात्मक आकलन पर गर्मजोशी से प्रतिक्रिया व्यक्त की और विश्वास जताया कि यह वार्ता दोनों देशों के बीच साझेदारी की असीम संभावनाओं को तलाशने का मार्ग प्रशस्त करेगी। मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका घनिष्ठ मित्र और स्वाभाविक साझेदार हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश व्यापार वार्ता को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत के लिए भी उत्सुक हूं। हम दोनों देशों के लोगों के लिए एक उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे।’’ मोदी की यह टिप्पणी ट्रंप द्वारा कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट के बाद आयी है जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता के ‘‘सफल निष्कर्ष’’ पर पहुंचने में ‘‘कोई मुश्किल’’ नहीं होगी और वह जल्द ही ‘‘अपने अच्छे दोस्त’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात करेंगे। भारत पर 50 प्रतिशत शुल्क (टैरिफ) लगाने के निर्णय के बाद ट्रंप की कड़ी टिप्पणियों से कई सप्ताह तक संबंधों में तनाव रहने के बाद, दोनों देशों के बीच रिश्तों में हाल में सुधार के संकेत मिले हैं। हाल में यह दूसरी बार है जब ट्रंप ने भारत के साथ अपने देश के संबंधों की सराहना की है और इसके साथ ही उन्होंने मोदी की भी प्रशंसा की है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी ट्रंप की टिप्पणियों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

भारतीयों को लेकर पीटर नवारो का बड़ा बयान… कहा- अमेरिकी बाजार में पहुंचने के लिए ‘बेताब’ है भारत, छीन रहा लोगों की नौकरियां

वाशिंगटन। व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने कहा है कि अमेरिका को भारत के साथ ‘अनुचित व्यापार’ की ज़रूरत नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत, अमेरिकी बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए ‘बेताब’ है। पिछले कुछ सप्ताह में नवारो ने भारत के खिलाफ खासकर रूस से कच्चे तेल की खरीद जारी रखने के लिए, कई आलोचनात्मक टिप्पणियां की हैं। व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि भारत और अमेरिका व्यापार बाधाओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी रखे हुए हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वह आने वाले हफ्तों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात करने के लिए उत्सुक हैं।

ट्रंप ने कहा, ‘‘मुझे पूरा यकीन है कि हमारे दोनों महान देशों के लिए एक सफल निष्कर्ष पर पहुंचने में कोई कठिनाई नहीं होगी।’’ हालांकि, नवारो ने ‘एक्स’ पर कई पोस्ट में भारत पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका को भारत के साथ अनुचित व्यापार की जरूरत नहीं है। लेकिन भारत को अमेरिकी बाजारों तक पहुंच की सख्त जरूरत है और वह अमेरिकी नौकरियां छीनता रहेगा।’’ ट्रंप प्रशासन के अधिकारी ने अपने पिछले आरोपों को भी दोहराया कि भारत, रूस की युद्ध मशीनरी को ईंधन दे रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत, रूस के युद्ध कोष को ईंधन देता है। भारत संरक्षणवादी है और उसके शुल्क आसमान छू रहे हैं। अमेरिका का भारत के साथ भारी व्यापार घाटा है।’’ नवारो ने यह भी दावा किया कि ‘भारत के आसमान छूते शुल्क’ के कारण अमेरिकियों को अपनी नौकरियां गंवानी पड़ रही हैं।

Leave a Reply