बेबी केयर सेंटर में लगी भीषण आग, 7 मासूमों की मौत, 5 अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में बच्चों के एक अस्पताल में आग लगने से सात नवजात शिशुओं की मौत हो गयी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार रात शाहदरा क्षेत्र के विवेक विहार में बच्चों के एक अस्पताल में आग लग गई। डीएफएस प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि 12 शिशुओं को अस्पताल से निकाला गया लेकिन उनमें से सात की मौत हो गई। गर्ग ने बताया कि पांच शिशुओं का एक अन्य अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘बेबी केयर न्यू बोर्न हॉस्पिटल’ और उससे सटी एक इमारत में देर रात करीब साढ़े 11 बजे आग लगी। अन्य लोगों की मदद से बच्चों को अस्पताल से बाहर निकाला गया और दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि दूसरे अस्पताल ले जाने पर छह शिशुओं को मृत घोषित कर दिया गया जबकि एक नवजात की इलाज के दौरान मौत हो गयी। शिशुओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी हॉस्पिटल ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि अस्पताल के मालिक की पहचान नवीन किची के तौर पर की गयी है और उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली के एक अस्पताल में आग लगने से बच्चों की मौत की घटना पर जताया दुख

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि पूर्वी दिल्ली के एक अस्पताल में आग लगने की घटना हृदय विदारक है,साथ ही उन्होंने शोक संतप्त अभिभावकों के प्रति अपनी संवेदनाएं जताईं। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में बच्चों के एक अस्पताल में भीषण आग लगने से सात नवजात शिशुओं की मौत हो गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बताया कि ‘बेबी केयर न्यू बॉर्न’ अस्पताल में शनिवार रात करीब 11:30 बजे आग लगी थी और जल्द ही आग दो अन्य इमारतों में फैल गई। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”दिल्ली के एक अस्पताल में आग लगने की घटना हृदय विदारक है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं इस हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

Leave a Reply