बिहार में सीएम मोहन यादव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए मांगे वोट, कहा- कांग्रेस मानसिक रूप से हार चुकी है चुनाव
सीएम डॉ. मोहन यादव की जनसभाओं में उमड़ी भीड़
भोपाल/पटना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक डॉ. मोहन यादव ने 8 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान जबरदस्त जनसभाएं कीं। उन्होंने कई विधानसभाओं में जनता से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सीएम डॉ. यादव ने बांका जिले की बेलहर विधानसभा में मनोज यादव, मोतिहारी जिले की पिपरा विधानसभा में श्यामबाबू यादव और गया जिले की बोधगया विधानसभा में श्यामदेव पासवान के लिए जनता से समर्थन मांगा। इन सभाओं में वे जनता को यह बात मनाने में सफल रहे कि केवल एनडीए ही उनके सपनों को साकार कर सकती है। उन्होंने कहा कि यह धर्म-अधर्म के बीच की लड़ाई है। कांग्रेस के पप्पू को बिल्कुल समझ नहीं है। राहुल गांधी को पता है कि चुनाव बिहार में है, लेकिन वो मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में छुट्टियां मना रहे हैं। बिहार चुनाव में कांग्रेस की हालत बिन दूल्हे के बारात की है। कांग्रेस मानसिक रूप से बिहार का चुनाव हार चुकी है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनसभाओं में भीड़ उमड़ पड़ी। जहां तक नजर जाती थी, वहां तक लोग ही लोग नजर आ रहे थे। इस दौरान कई लोग हाथों में पोस्टर लिए एनडीए की जीत का दावा भी कर रहे थे। बेलहर विधानसभा में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि चुनाव के बीच यहां आकर ऐसा लगा जैसे मैं अपने घर आ गया। आपके प्रेम ने आनंदित कर दिया। आपका उत्साह चरम छू रहा है। हमारे प्रत्याशियों ने यहां जबरदस्त काम किया है। ये एक बार फिर आपके आशीर्वाद से जीतने जा रहे हैं। एनडीए में दो भाइयों की जोड़ी है। डबल इंजन की सरकार है। ये जोड़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण जहां होते हैं वहां कौरवों की विशाल सेना के बीच भी जीत पांच पांडवों की होती है। हमारे भी नेता नीतीश कुमार, चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी जीत की ओर अग्रसर हैं। जनता का चुनावी तीर निशाने पर ही लगने वाला है। इस तीर को कोई नहीं रोक सकता। भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन के माध्यम से कर्मवाद की शिक्षा दी।
कांग्रेस ने पाप किया
सीएम डॉ. मोहन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन कल्याण के लिए-किसान कल्याण के लिए सरकार चला रहे हैं। सीमा पर जवान और खेत पर किसान, दोनों की भूमिका बराबर है। सीमा पर जवान जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा करते हैं। वहीं, किसान खेतों में पसीना बहाकर अन्न उगाते हैं। जब किसानों के सम्मान की बात होती है तो मैं कांग्रेस और उनके साथियों से पूछना चाहता हूं कि आप लंबे समय तक सरकार में रहे, लेकिन आपने कभी किसी किसानों का सम्मान नहीं किया, उनका भला नहीं किया। उन्हें कभी सम्मान निधि नहीं दी। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस के पाप हैं जो उनके सिर चढ़कर बोल रहे हैं। जबकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने घर बैठे किसानों को सम्मान निधि दी। एनडीए ने किसानों का किया। हमारी सरकार सीमा पर तैनात जवान के साथ भी बराबरी से काम करती है।
आज भारत बदल चुका है
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज पूरे देश में लाल सलाम को आखिरी सलाम करने का समय आ गया है। अब नक्सलवाद के खात्मे का समय आ गया है। इसी तरह अगर देश में कोई आतंकवाद की घटना घट जाए, तो हमारी सेना दुश्मन को घर में घुसकर मारती है। आज हिंदुस्तान पूरी तरह बदल चुका है। अब अगर पाकिस्तान गोली चलाता है, तो हमारा देश उसी भाषा में जवाब देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय सैनिकों के सिर काटकर पाकिस्तान के लोग अपने साथ ले जाते थे, तब उनके प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मौन ही रहते थे। जब उनसे कोई पूछता था कि तो वो कहते थे कि हम क्या करें। हम कुछ नहीं कर सकते। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस बात पर कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए, उन्हें डूब मरना चाहिए। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने तीन-तीन बार दुश्मन(पाकिस्तान) को घर में घुसकर मारा है।
कांग्रेस पर बोला हमला
मध्यप्रदेश के मुखिया ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने भी धर्म-अर्धम के बारे में बताया है। उन्होंने कहा कि कोई अन्याय करे तो उसे उसकी जबान में ही जवाब दें, उसे बर्दाश्त करने की आवश्यकता नहीं है। देश तब मजबूत होता है जब उसके नागरिकों की के नागरिकों की सुरक्षा की जाए और हर वर्ग पर ध्यान दिया जाए। केंद्र सरकार सभी वर्गों के कल्याण के साथ कार्य करते हुए भारत को सशक्त बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश का प्रत्येक गरीब, किसान आगे बढ़ रहा है।


