एजेंसी, नई दिल्ली। बिहार में राहुल गांधी भाजपा और पीएम मोदी के खिलाफ रैली के जरिए जमकर हमला बोल रहे हैं। इस बीच उनकी एक रैली में पीएम मोदी और उनकी मां हीराबेन के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। भाजपा ने इस बात का दावा करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा ने दावा किया कि इस हफ्ते बिहार चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां हीराबेन मोदी के खिलाफ “बेहद अपमानजनक भाषा” का इस्तेमाल किया गया। इस कार्यक्रम में विपक्षी नेताओं, कांग्रेस के राहुल गांधी और राजद के तेजस्वी यादव के पोस्टर लगे थे।
बिहार के लोगों को अपमानित किया
एक्स पर पोस्ट में भाजपा ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन पर राजनीति का स्तर गिराने का आरोप लगाया और कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ‘मतदाता अधिकार’ यात्रा ने बिहार के लोगों को अपमानित किया है।
भाजपा ने एक्स पर भड़कते हुए कहा,
तेजस्वी और राहुल ने अपने मंच से इतनी गंदी भाषा का इस्तेमाल होने दिया, जिन शब्दों को दोहराना भी संभव नहीं है। यह इतनी बड़ी गलती है कि राहुल गांधी कान पकड़कर उठक-बैठक करके हजार बार भी माफी मांग लें… तो भी बिहार की जनता माफ नहीं करेगी। दरभंगा जिले में हुई रैली का एक 33 सेकंड का वीडियो काफी शेयर किया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस के झंडे भी लगे हुए हैं।
भाजपा ने लगाए कांग्रेस पर आरोप
यह विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस और राजद कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के एक स्थानीय नेता नौशाद के नेतृत्व में मंच पर खड़े होकर पार्टी के झंडे लहराए और नारेबाजी की। भाजपा ने दावा किया कि इसमें प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ ‘अपमानजनक’ नारे लगाए। भाजपा ने विपक्षी गठबंधन पर बिहार चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रचार करने के लिए दक्षिणी राज्यों के नेताओं- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उनके तेलंगाना समकक्ष रेवंत रेड्डी को आमंत्रित करके बिहारियों का अपमान करने का भी आरोप लगाया।
राहुल और तेजस्वी की यात्रा ने पार की सारी हदें, पीएम मोदी की मां के खिलाफ बयानों पर भड़के शाह और नड्डा
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व ने गुरूवार को बिहार में वोटर अधिकार यात्रा में कांग्रेस-आरजेडी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के लिए कथित तौर पर अभद्र भाषा के प्रयोग को निंदनीय और लोकतंत्र को कलंकित करने वाला बताया है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री ने अभद्र भाषा वाले बयान की आलोचना करते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से अविलंब माफी मांगने को कहा है। जेपी नड्डा ने एक्स पर अपने पोस्ट में एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि कांग्रेस की तथाकथित वोटर अधिकार यात्रा में जिस तरह से कांग्रेस-आरजेडी के मंच से देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां को गाली दी गई, वह घोर निंदनीय और भर्त्सनीय है। यह अभद्रता की सारी सीमा लांघ चुके दो शहजादों का बिहार की धरती पर बिहार की संस्कृति का तिरस्कार भी है। उन्होंने कहा कि राहुल गाँधी और तेजस्वी यादव को इस कुकृत्य के लिए अविलंब माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस नेता को यह नहीं सहन हो रहा है कि कैसे एक गरीब का बेटा संघर्ष कर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचा।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के तू तड़ाक की भाषा बोलने के बाद उनके पार्टी के नेता भी इसी तरह की शब्दावली का प्रयोग कर रहे हैं। दूसरी ओर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर ‘मां का अपमान कांग्रेस की पहचान’ हैशटैग से एक पोस्ट में लिखा कि बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माताजी के लिए कांग्रेस और आरजेडी के मंच से जिस प्रकार गालियों से भरी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि हमारे लोकतंत्र को भी कलंकित करने वाला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीति अपने निम्न स्तर पर आ पहुंची है। उनको यह बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है कि कैसे एक गरीब मां का बेटा बीते 11 वर्षों से प्रधानमंत्री पद पर बैठा हुआ है और अपने नेतृत्व में देश को निरंतर आगे ले जा रहा है। शाह ने कहा कि यह साफ दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी अपने उस चाल-चरित्र में वापस लौट आई है, जिसके माध्यम से उसने हमेशा देश की राजनीतिक संस्कृति में जहर घोलने का काम किया। गुजरात के मुख्यमंत्री काल से लेकर आज तक गांधी परिवार ने मोदी जी के खिलाफ नफरत फैलाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। परंतु अब तो इन्होंने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। यह हर मां का, हर बेटे का अपमान है, जिसके लिए 140 करोड़ देशवासी उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।


