बायजूस के फाउंडर रवींद्रन को अमेरिकी कोर्ट का तगड़ा झटका, $1.07 अरब का भुगतान करने का दिया आदेश, जानें पूरा मामला

अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, अमेरिका। बायजूस के संस्थापक बायजू रवींद्रन को अमेरिका की एक बैंकरप्सी कोर्ट से तगडा झटका लगा है। कोर्ट में कई बार पेशी पर उपस्थित न रहने और जरूरी दस्तावेज जमा करने के आदेशों की अनदेखी की वजह से कोर्ट ने उन्हें 1.07 बिलियन डॉलर, यानी लगभग 9,591 करोड़ रुपये चुकाने का आदेश दिया है। जज ब्रेंडन शैनन ने 20 नवंबर को दिए फैसले में बायजू को लोन के पैसे की हेराफेरी और सबूत छिपाने का दोषी ठहराया। सबसे बड़ी बात – कोर्ट बार-बार समन भेजने के बावजूद बायजू रवींद्रन पेश नहीं हुए और जरूरी दस्तावेज भी जमा नहीं किए। दरअसल, 2021-22 में बायजूस ने अमेरिका में बायजूस अल्फा नाम की एक शेल कंपनी बनाई थी। इसके जरिए ग्लोबल लेंडर्स से 1.2 बिलियन डॉलर (लगभग 10,000 करोड़ रुपये) का टर्म लोन लिया गया था, लेकिन बाद में 553 मिलियन डॉलर (करीब 4,600 करोड़ रुपये) रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए। ये पैसे मियामी की एक छोटी-सी हेज फंड कंपनी कैमशाफ्ट कैपिटल में ट्रांसफर कर दिए गए, जिसके फाउंडर महज 25 साल के थे और पहले आइसक्रीम पार्लर चलाते थे! कोर्ट ने पाया कि ये सारा खेल बायजू रवींद्रन की देखरेख में हुआ। अब लेंडर्स की तरफ से नियुक्त एजेंट ग्लास ट्रस्ट ने बायजू रवींद्रन को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए पूरा बकाया वसूलने का दावा किया है। कोर्ट ने उनकी दलीलें खारिज करते हुए पूरा 1.07 बिलियन डॉलर उन्हें चुकाने को कहा है। एक समय 22 बिलियन डॉलर वैल्यूएशन वाली भारत की सबसे बड़ी एडटेक कंपनी आज दिवालिया होने की कगार पर है और इसके फाउंडर पर 9,500 करोड़ से ज्यादा का व्यक्तिगत कर्ज है।

Leave a Reply