बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, पूंछ और उरी में गोलीबारी जारी

अंतर्राष्ट्रीय जम्मू-कश्मीर नई दिल्ली पंजाब पाकिस्तान राजस्थान राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से बौखलाए पाकिस्तान ने बीती रात लगातार भारत के अलग-अलग शहरों में हवाई हमले किए, लेकिन भारतीय सैन्य कर्मियों ने उसकी हर कोशिश नाकाम कर दी। भारतीय सेना की तरफ से जवाबी कार्रवाई जारी है। वहीं पाकिस्तान से बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत सरकार लगातार उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तैयार करने में जुटी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सशस्त्र बलों के पूर्व अधिकारियों से की बात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पाकिस्तान के साथ चल रहे संघर्ष के बीच तीनों सेनाओं के पूर्व प्रमुखों सहित कई पूर्व सैन्य अधिकारियों के साथ व्यापक बातचीत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इनमें सेना, वायुसेना और नौसेना के पूर्व प्रमुखों के अलावा देश की सेवा कर चुके अन्य सेवानिवृत्त अधिकारी भी शामिल हैं। भारतीय प्रतिष्ठानों को 8 और 9 मई की मध्य रात्रि को निशाना बनाने के पाकिस्तानी प्रयासों का सशस्त्र बलों द्वारा आनुपातिक और पर्याप्त रूप से जवाब दिए जाने के साथ ही पाकिस्तान के साथ संघर्ष तीव्र हो गया। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि पाकिस्तान ने सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए लेह से सर क्रीक तक 36 स्थानों पर 300-400 ड्रोन भेजे और भारतीय सेना ने इन ड्रोन को मार गिराया।

पाकिस्तान ने400 से अधिक ड्रोन से किया हमला
शुक्रवार को विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सौफिया कुरैशी ने कहा है कि पाकिस्तान ने गुरुवार शाम को एक बार फिर भड़काने वाली नापाक हरकत करते हुए भारतीय सीमाओं का उल्लंघन किया तथा तुर्किए के करीब 300 से 400 ड्रोन से भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने तथा 36 जगहों पर घुसपैठ की असफल कोशिश की जिसका भारतीय सशस्त्र बलों ने करारा जवाब दिया और पाकिस्तान के चार वायु रक्षा ठिकानों पर जोरदार कार्रवाई की। सौफिया ने कहा कि पाकिस्तान ने हमले के दौरान जानबूझ कर नागरिक हवाई क्षेत्र को बंद नहीं किया और नागरिक विमानों का ढाल के रूप में इस्तेमाल किया। साथ ही भारत ने ननकाना साहिब गुरूद्वारे पर हमले के पाकिस्तान के आरोप को भ्रामक बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि इस तरह के भ्रामक दुष्प्रचार से पाकिस्तान भारत में सांप्रदायिक विवाद पैदा करना चाहता है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री, सेना की कर्नल सौफिया कुरैशी और वायु सेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने शुक्रवार शाम यहां एक संवाददाता सम्मेलन में पहलगाम हमले के बाद सशस्त्र सेनाओं द्वारा चलाये जा रहे ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी।

पाकिस्तान नागरिक विमानों को ढाल के रूप में कर रहा इस्तेमाल
ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान इतना बौखलाया हुआ है कि उसको आम नागरिकों की भी फिक्र नहीं है। शुक्रवार को कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान नागरिक विमानों को ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहा है जबकि उसे अच्छी तरह पता है कि भारत उसके हमले का कड़ा जवाब देगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास उड़ान भरने वाले अंतरराष्ट्रीय विमानों सहित अनजान नागरिक विमानों की सुरक्षा को भी दाव पर लगा दिया। उन्होंने कहा कि घोषित बंद के कारण भारतीय पक्ष का हवाई क्षेत्र नागरिक हवाई यातायात के लिए पूरी तरह बंद था लेकिन कराची और लाहौर के बीच हवाई मार्ग पर नागरिक एयरलाइनों की उड़ान जारी रही।

उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना ने जवाबी कार्रवाई में काफी संयम दिखाया जिससे अंतरराष्ट्रीय नागरिक वाहकों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। विंग कमांडर सिंह ने कहा कि पाकिस्तानी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान के चार हवाई रक्षा स्थलों पर सशस्त्र ड्रोन दागे। इनमें से एक ड्रोन एडी रडार को नष्ट करने में सफल रहा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने भारी कैलिबर वाली तोपों और सशस्त्र ड्रोनों का उपयोग करके नियंत्रण रेखा के पार गोलाबारी भी की जिसमें भारतीय सेना के कुछ जवान हताहत हुए और उन्हें चोटें आईं। भारतीय जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा।

मिस्री ने कहा कि पाकिस्तान अपनी हरकतों को स्वीकार करने के बजाय बेतुके और अपमानजनक दावे कर रहा है कि भारतीय सशस्त्र बल अमृतसर जैसे अपने ही शहरों को निशाना बना रहे हैं और इसका आरोप पाकिस्तान पर लगा रहा है। उन्होंने कहा , “ वे इस तरह की हरकतों में पारंगत हैं, जैसा कि उनका इतिहास दर्शाता है। पाकिस्तान ने गलत सूचना फैलाई कि भारत ने ड्रोन हमले के जरिए नानकम साहिब गुरुद्वारे को निशाना बनाया, जो कि एक और सफेद झूठ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतों से पाकिस्तान सांप्रदायिक विवाद पैदा करने के इरादे से स्थिति को सांप्रदायिक रंग देने की पूरी कोशिश कर रहा है। विदेश सचिव ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा कल रात की गई ये भड़काऊ और आक्रामक कार्रवाई भारतीय शहरों और नागरिक ढांचे के अलावा सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर की गईं। भारतीय सशस्त्र बलों ने आनुपातिक, पर्याप्त और जिम्मेदारी से इसका जवाब दिया।

पाकिस्तान ने पूजा स्थलों को बनाया निशाना- विक्रम मिसरी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि पाकिस्तानी पक्ष ने विशेष पूजा स्थलों को निशाना बनाया, जो पाकिस्तान की एक और घटिया हरकत है। विदेश सचिव ने कहा, “पाकिस्तान द्वारा कल रात की गई ये भड़काऊ और आक्रामक कार्रवाइयां भारतीय शहरों और नागरिक बुनियादी ढांचे के अलावा सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर की गईं। भारतीय सशस्त्र बलों ने आनुपातिक, पर्याप्त और जिम्मेदारी से जवाब दिया। पाकिस्तान द्वारा किए गए इन हमलों का पाकिस्तान द्वारा आधिकारिक और स्पष्ट रूप से हास्यास्पद खंडन उनके कपट का उदाहरण है।”

टीवी चैनल न बजायें खतरे के सायरन: विज
हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को टीवी चैनलों से आग्रह किया कि वे बार-बार खतरे के सायरन न बजायें। विज ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा कि सभी चैनलों से आग्रह है कि वे अपने चैनलों पर बार-बार खतरे के सायरन न बजायें क्योंकि यदि कभी असली सायरन बज गया तो लोग इसे भी टीवी का सायरन समझने की भूल कर सकते हैं और उन्हें जो सुरक्षा के कदम उठाने चाहिए वह उठा नहीं पायेंगे।

एक हफ्ते के लिए आईपीएल सस्पेंड
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मौजूदा आईपीएल 2025 के शेष मैचों को तत्काल प्रभाव से एक सप्ताह के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है। संबंधित अधिकारियों और हितधारकों के परामर्श से स्थिति का व्यापक आकलन करने के बाद टूर्नामेंट के नए कार्यक्रम और आयोजन स्थलों के बारे में आगे की जानकारी समय-समय पर दी जाएगी।

शिवराज सिंह चौहान बोले- ‘भरे हुए हैं हमारे कृषि भंडार’

पाकिस्तान से जारी तनाव के बीच केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हम आतंकवादियों को नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा, “हमने आतंकी ठिकानों पर हमला किया, लेकिन हमने नागरिकों को निशाना नहीं बनाया। पाकिस्तान जिस तरह से नापाक हरकतें कर रहा है, सेना उसका मुंहतोड़ जवाब दे रही है।” इसके साथ ही उन्हेंने कहा कि कृषि मंत्री के तौर पर हमारी जिम्मेदारी खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हमारे कृषि भंडार भरे हुए हैं। गेहूं, चावल या अन्य अनाज, हमारे पास पर्याप्त मात्रा में है। जवान सीमा पर तैनात हैं और किसान खेतों में और वैज्ञानिक उनके साथ हैं। खेतों में किसानों के साथ काम करना और उत्पादन बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है।

पंजाब में पेट्रोल-डीजल या गैस की कोई कमी नहीं- सीएम मान
पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा, “पंजाब में पेट्रोल-डीजल या गैस सिलेंडर की किसी तरह की कोई कमी नहीं होगी। अगर कोई ब्लैक मार्केटिंग कर रहा है या कोई चीज महंगी दे रहा है तो पुलिस को शिकायत करें। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।”

अमित शाह से मिलने पहुंचे एनएसए डोभाल
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और आईबी चीफ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे। वे दोनों भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव को लेकर गृहमंत्री से बात करेंगे।

भारत-पाक तनाव पर महबूबा मुफ्ती की प्रतिक्रिया
महबूबा मुफ्ती ने भारत-पाक तनाव पर कहा, हमारी माताओं को कब तक पीड़ा सहनी पड़ेगी। भारत एक उभरती हुई शक्ति है और पाकिस्तान आर्थिक पतन की ओर बढ़ रहा है। दोनों को देशों को विनाश की ओर धकेलना बंद करना चाहिए। जम्मू-कश्मीर के लोग, विशेष रूप से बॉर्डर के इलाके में पीड़ित हैं।

आतंकवाद पाकिस्तान की नीति का हिस्सा है है- आरिफ मोहम्मद
बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा, “आतंकवाद पाकिस्तान राज्य की नीति का हिस्सा है आतंकवाद के केंद्रों को हम खत्म करेंगे। पाकिस्तान लगता है कि हम उनके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। तो वो आतंकवाद का संरक्षण करने के लिए हम पर कार्रवाई कर रहे हैं। इसका जवाब देने के लिए भारत सक्षम है।

नड्डा ने की स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में पूरी जानकारी दी। कंट्रोल सेंटर से पूरी निगरानी की जा रही है। बैठक में देशभर के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई।

मनोज सिन्हा पहुंचे उरी, जमीनी हालात का लिया जायजा
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सुरक्षा बलों से मुलाकात करने और जमीनी हालात की समीक्षा करने के लिए उरी का दौरा किया, इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की। पाकिस्तान ने कल रात उरी सेक्टर में नागरिक इलाकों को निशाना बनाया था।

अमित शाह बीएसएफ और सीआईएसएफ के डीजी के साथ करेंगे बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सीमा की स्थिति और हवाईअड्डों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए बीएसएफ के महानिदेशक, सीआईएसएफ के महानिदेशक और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दोपहर 12:30 बजे बैठक करेंगे। वहीं पंजाब सरकार ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए सारे आईएएस और पंजाब सिविल सर्विसेज ऑफिसर्स की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। कोई अफसर बिना चीफ सेक्रेटरी की इजाजत के न तो छुट्टी पर जाएगा और न ही स्टेशन छोड़ेगा। पंजाब समेत कई राज्य हाई अलर्ट पर हैं।

बीसीसीआई ने रद्द किए आईपीएल के बचे मैच
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव को देखते हुए आईपीएल के बचे हुए मैचों के आयोजन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया है। यह जानकारी बीसीसआई की तरफ से एक न्यूज एजेंसी को दी गई है। वहीं आईपीएल में भाग लेने वाले विदेशी खिलाड़ी हालात समान्य होने तक अपने वतन वापस जाएंगे। बता दें कि इस सीजन के 58 मैच हो चुके हैं। 69 ग्रुप मैचों के बाद प्लेऑफ का आयोजन होना है, लेकिन अब यह कैंसिल हो सकता है।

पूरा भारत अपनी सेना पर गर्व कर रहा है- केशव मौर्य
पाकिस्तान के साथ जारी तनाव पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “इस समय पूरा भारत अपनी सेना पर गर्व कर रहा है। आतंकवाद मुक्त भारत बनाने के लिए आतंकियों की फैक्ट्री का विनाश जरूरी है। पाकिस्तान द्वारा की जा रही हरकतों का सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। सरकार और सेना के साथ पूरा देश एकजुट होकर खड़ा है।

चंडीगढ़ में बजा सायरन, ड्रोन अटैक की संभावना
चंडीगढ़ में हवाई हमले की चेतावनी जारी की है। पूरे चंडीगढ़ में इस वक्त सायरन बज रहे हैं। प्रशासन ने सभी लोगों से अपने घरों में रहने की अपील की है। वायुसेना काफी ऐक्टिव हो गई है।

जैसलमेर में बम की सूचना
राजस्थान के जैसलमेर में एक संदिग्ध बम मिला है। बम की सूचना के बाद पुलिस और सेना की टीम मौके पर पहुंच गई है। किशनगढ़ जाने वाले रास्ते पर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। बम की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एस.एच.ओ. प्रेमदान ने कहा, “हमें सूचना मिली है कि यह बम या उसका कोई हिस्सा हो सकता है इसलिए पुलिस मौके पर पहुंची है और जांच की जा रही है।”

बीएसएफ ने जम्मू में 7 आतंकवादियों को किया ढेर
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने शुक्रवार को कहा कि उसने जम्मू में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे सात आतंकवादियों को मार गिराया और पाकिस्तान रेंजर्स की एक चौकी को भी नष्ट कर दिया है। यह घटना बृहस्पतिवार और शुक्रवार की रात को सांबा सेक्टर में हुई, जब निगरानी करने वाले बीएसएफ के जवानों ने आतंकवादियों के एक ‘‘बड़े समूह’’ को देखा था। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने कहा कि घुसपैठ की कोशिश को पाकिस्तान रेंजर्स की ढांढर चौकी का समर्थन था, जिनकी गोलीबारी की आड़ में आतंकवादी घुसपैठ करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि सैनिकों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया, कम से कम सात आतंकवादियों को मार गिराया और ढांढर चौकी को भारी नुकसान पहुंचाया।

होशियारपुर में मिले मिसाइल के टुकड़े
पाकिस्तान से जारी तनातनी के बीच पंजाब प्रांत के होशियारपुर के पहाड़ी इलाके में एक पाकिस्तानी मिसाइल के टुकड़े मिलने की सूचना है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को भारतीय सेना ने पाकिस्तान के इस मिसाइल को मार गिराया है।

हमे अपनी सेना पर गर्व है- शाहनवाज हुसैन
भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, “हमे अपनी सेना पर गर्व है। हमारी सेना देश की उम्मीदों पर खरी उतर रही है… पूरी दुनिया हमारी सेना का पराक्रम देख रही है। दुनिया देख रही है कि हमने किस तरह पाकिस्तान की नापाक हरकतों का मुकाबला किया है… पूरा देश एकजुट है… देश के लोग सेना के साथ खड़े हैं।”

पाकिस्तानी फायरिंग में घायल लोगों से मिले सीएम उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला जम्मू के सरकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने यहां पूंछ में हुई पाकिस्तानी गोलाबारी में घायल हुए लोगों से मुलाकात की।

जम्मू और उधमपुर से दिल्ली के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
भारतीय रेलवे ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए जम्मू और उधमपुर से दिल्ली के लिए तीन स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। भारतीय रेलवे ने कहा, सीमा पर तनाव के कारण जम्मू-कश्मीर और पड़ोसी राज्यों के सभी हवाई अड्डे यातायात के लिए बंद हैं।

हमें अपने सशस्त्र बलों का मनोबल बढ़ाना है: योगी
यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने कहा, ’22 अप्रैल को पाकिस्तानी आतंकवादियों ने पहलगाम पर हमला किया था… प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प था और हमारे सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है… हमें अपने सशस्त्र बलों के साथ खड़ा होना है और उनका मनोबल बढ़ाना है… आज आप पाकिस्तान को दुनिया के सामने कराहते हुए देख सकते हैं… सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जाएंगी। हमें प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में काम करते रहना है। भारत हर परिस्थिति में विजयी है और आगे भी विजयी रहेगा।’

Leave a Reply