बांग्लादेश ने आईपीएल 2026 के प्रसारण पर लगा दिया बैन

बांग्लादेश ने आईपीएल 2026 के प्रसारण पर लगा दिया बैन

अंतर्राष्ट्रीय देश/प्रदेश बांग्‍लादेश महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय

एजेंसी, मुंबई। क्रिकेट मैदान से बाहर निकलकर भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव अब खुलकर सामने आ गया है। बांग्लादेशी स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम से बाहर करने के बीसीसीआई के निर्देश ने दोनों देशों के रिश्तों में कड़वाहट घोल दी है। नतीजा यह हुआ कि बांग्लादेश सरकार ने आईपीएल 2026 सीजन के सभी मैचों और इससे जुड़े कार्यक्रमों के प्रसारण पर अनिश्चितकालीन रोक लगा दी है।

यह फैसला 5 जनवरी को बांग्लादेश सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने जारी किया, जिसमें कहा गया कि बीसीसीआई का मुस्तफिजुर को टीम से हटाने का आदेश बिना किसी स्पष्ट वजह के लिया गया, जिससे बांग्लादेश के लोगों में गुस्सा और दुख पैदा हुआ है। मुस्तफिजुर को दिसंबर 2025 के मिनी ऑक्शन में केकेआर  ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन हाल के द्विपक्षीय तनाव और कुछ रिपोर्ट्स में अल्पसंख्यकों पर हमलों के हवाले से बीसीसीआई ने उन्हें रिलीज करने का निर्देश दिया। केकेआर ने भी इसकी पुष्टि कर दी और रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेने की अनुमति मांगी।

टी स्पोर्ट्स और वायाकॉम18 की बड़ी डील
बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण अधिकारटी स्पोर्ट्स चैनल के पास हैं, जो वायाकॉम18 के साथ 2023 में हुई डील के तहत 2027 तक वैध हैं। लेकिन सरकारी आदेश के बाद अब कोई भी चैनल या प्लेटफॉर्म आईपीएल दिखा नहीं सकेगा। यह पहली बार है जब बांग्लादेश सरकार ने किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट के प्रसारण पर इस तरह की पाबंदी लगाई है।
विवाद यहीं नहीं रुका। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से 2026 टी20 विश्व कप के अपने ग्रुप मैच भारत से बाहर (संभवतः श्रीलंका) शिफ्ट करने की मांग की है, क्योंकि खिलाड़ियों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। बांग्लादेश के मैच कोलकाता और मुंबई में होने हैं। दूसरी तरफ, बीसीसीआई का नियंत्रण सिर्फ भारत तक सीमित है और वह दूसरे देश के प्रसारण नियमों में दखल नहीं दे सकता। अगर यह बैन कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन माना जाता है, तो वायाकॉम18 या टी स्पोर्ट्स कानूनी रास्ता अपनाकर मुआवजा मांग सकते हैं। कुल मिलाकर, एक खिलाड़ी का मामला अब दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों और करोड़ों की बिजनेस डील को प्रभावित कर रहा है, जिससे फैंस सबसे ज्यादा निराश हैं।

ये भी पढ़े : 15वीं बार जेल से बाहर आएगा गुरमीत राम रहीम, हरियाणा सरकार ने मंजूर की 40 दिन की पैरोल

Leave a Reply