एजेंसी, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेता तारिक रहमान की ”निर्णायक जीत” पर शुक्रवार को उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वह विकास के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए उनके साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बीएनपी को निर्णायक जीत दिलाने के लिए मैं तारिक रहमान को हार्दिक बधाई देता हूं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि रहमान की जीत ने उनके नेतृत्व में बांग्लादेश की जनता के भरोसे को दर्शाया है। मोदी ने कहा, ”भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के प्रति अपना समर्थन जारी रखेगा। मैं आपके साथ मिलकर हमारे बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और हमारे साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हूं।” बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बीएनपी ने शुक्रवार को जीत का दावा किया। इस चुनाव में जीत हासिल करने वाली पार्टी अंतरिम प्रशासन की जगह सरकार बनाएगी। यह अंतरिम प्रशासन अगस्त 2024 में अवामी लीग शासन के सत्ता से हटने के बाद देश की बागडोर संभाली थी।
बांग्लादेश चुनाव नतीजे
इससे पहले बीएनपी ने ऐलान किया था कि अगर वह जीतती है, तो वह पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा ज़िया के पुत्र श्री रहमान को अगला प्रधानमंत्री बनाएगी। बीएनपी केंद्रीय चुनाव संचालन समितिके प्रवक्ता महदी अमीन ने कहा, “हमें दो-तिहाई से ज़्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाने का भरोसा है।” अनौपचारिक आंकड़ों के अनुसार बीएनपी और उसके सहयोगी काफी सीटों पर आगे चल रहे हैं। जमात-ए-इस्लामी ने आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर लगभग 60 सीटों पर बढ़त या जीत का दावा किया है। बंगलादेश के अखबार द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक छात्र आंदोलन से निकली नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी ) और जमात-के नेतृत्ववाली गठबंध से जुड़ी है। एनसीपी ने कहा कि उसने छह सीटें जीती हैं।
खरगे ने बीएनपी, रहमान को जीत की बधाई दी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की जीत पर उसके नेता तारिक रहमान को बधाई दी और कहा कि एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश को सभी भारतीय नागरिकों का हमेशा सहयोग मिलेगा। खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से, मैं तारिक रहमान और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी को बांग्लादेश में संसदीय चुनाव जीतने पर हार्दिक बधाई देता हूं। भारत और बांग्लादेश के बीच इतिहास, भाषा, संस्कृति तथा अनेक अन्य समानताओं के गहरे और मजबूत संबंध हैं।” उन्होंने कहा कि क्षेत्र की स्थिरता और शांति के लिए एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश को सभी भारतीय नागरिकों का हमेशा सहयोग प्राप्त रहेगा। बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को हुए मतदान के बाद शुक्रवार को जारी मतगणना के बीच बांग्लादेश नेशलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने जीत का दावा किया। कई मीडिया संस्थानों ने बताया कि 300 सदस्यीय संसद में बीएनपी ने 151 से अधिक सीट जीत ली हैं। बहरहाल, निर्वाचन आयोग (ईसी) ने इस संबंध में अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है।
ये भी पढ़े : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की घोषणा : मध्यप्रदेश में भी लागू हो रहा केंद्र सरकार का वंदे मातरम प्रोटोकॉल
बीएनपी नेता तारिक रहमान को ममता ने दी जीत के लिए बधाई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की जीत के लिए उसके नेता तारिक रहमान को शुक्रवार को बधाई दी। इस चुनाव में जीत हासिल करने वाली पार्टी उस अंतरिम प्रशासन की जगह लेगी जिसने अगस्त 2024 में अवामी लीग सरकार के सत्ता से हटने के बाद कार्यभार संभाला था। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मेरी हार्दिक बधाई, शुभोनंदन, मेरे सभी भाई-बहनों और बांग्लादेश के सभी लोगों को। मेरी तरफ से उन्हें रमजान की अग्रिम मुबारक। इस बड़ी जीत के लिए मेरी बधाई मेरे तारीक-भाई, उनकी पार्टी और सभी दलों को। प्रार्थना है कि आप सभी स्वस्थ और खुश रहें।” बनर्जी ने आशा व्यक्त की कि भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण बने रहें। उन्होंने लिखा, “कामना है कि हमारे संबंध हमेशा बांग्लादेश के साथ सौहार्दपूर्ण रहें।” हालांकि बांग्लादेश के निर्वाचन आयोग (ईसी) ने चुनाव परिणाम की अभी औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन स्थानीय मीडिया द्वारा प्रसारित अनौपचारिक आंकड़ों और अनुमानों के अनुसार बीएनपी और उसके सहयोगियों ने 210 से अधिक सीट जीत ली हैं जबकि जमात-ए-इस्लामी मुख्य विपक्ष के रूप में उभरी है।
नजरुल इस्लाम खान ने कहा-चुनाव परिणाम को मान्यता देने के लिए भारत को धन्यवाद
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने देश के आम चुनाव के नतीजे को मान्यता देने के लिए भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शुक्रवार को धन्यवाद देते हुए उम्मीद जताई कि नयी सरकार के कार्यकाल में दोनों देशों के संबंध मजबूत होंगे। बीएनपी की स्थायी समिति के सदस्य और 2026 के चुनाव के मुख्य समन्वयक नजरुल इस्लाम खान ने कहा कि पार्टी मोदी द्वारा जनादेश को मान्यता दिए जाने की सराहना करती है। उन्होंने कहा, ”हम हमारे नेता तारिक रहमान को बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हैं। किसी लोकतांत्रिक देश द्वारा जनता के फैसले को मान्यता दिया जाना अच्छी बात है और नरेन्द्र मोदी ने ऐसा किया है। हम उन्हें धन्यवाद देते हैं।” खान ने कहा, ”हम अपनी पार्टी की ओर से भी उन्हें धन्यवाद देते हैं और हमारा विश्वास है कि हमारे नेता तारिक रहमान के नेतृत्व में इन दोनों देशों और उनके लोगों के बीच संबंध मजबूत होंगे।” इससे पहले, मोदी ने बीएनपी के नेता तारिक रहमान की बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में ”निर्णायक जीत” पर शुक्रवार को उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वह विकास के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए उनके साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस जीत ने रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश की जनता के भरोसे को दर्शाया है।


