कराची: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में तहरीक-ए-जिहाद पाकिस्तान के आतंकियों ने सेना के ठिकाने पर भीषण हमला किया है। इसमें कम से कम 9 सैनिकों के मारे जाने की खबर है। हालांकि पाकिस्तानी सेना ने अभी केवल 4 सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है। पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि 5 जवानों की हालत बहुत गंभीर है। बताया जा रहा है कि 5 आतंकियों ने बलूचिस्तान के झोब में सैन्य ठिकाने पर हमला करके उस पर कब्जा करने की कोशिश की। दोनों पक्षों के बीच अभी जोरदार गोलीबारी जारी है। पाकिस्तानी सेना ने बताया कि अभी भी दो आतंकियों ने सैन्य ठिकाने के अंदर मोर्चा संभाल रखा है। इन आतंकियों को मारने के लिए कार्रवाई चल रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कुल 9 सैनिक मारे गए हैं और कम से कम 15 बुरी तरह से घायल हैं। एक अधिकारी ने बताया कि यह हमला सुबह करीब 7 बजे शुरू हुरू हुआ और अभी भी जारी है। टीजेपी के प्रवक्ता मुल्ला कासिम ने एक बयान जारी करके झोब में हमले की जिम्मेदारी ली है।
पाकिस्तानी सेना के लिए बड़ा झटका
वहीं पाकिस्तानी सेना ने अपने बयान में कहा कि आतंकियों ने सुबह-सुबह हमला किया और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों से उन की मुठभेड़ हो गई। इस घटना के वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि दोनों तरफ से जोरदार हमले किए जा रहे हैं। पाकिस्तानी सेना ने बताया कि यह सैन्य अभियान जारी है। अब तक 3 आतंकियों को मार गिराया गया है। पाकिस्तानी सेना ने कहा कि वह बलूचिस्तान में शांति के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और किसी भी हमले को असफल किया जाएगा। टीजेपी के इस हमले को पाकिस्तानी सेना के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। विश्लेषकों का कहना है कि यह आतंकी हमला पाकिस्ता नी सेना के एक प्रमुख ठिकाने पर किया गया है जो यह दर्शाता है कि टीजेपी के पास बड़ी संख्या में आत्मघाती बम हमलावर हैं। यही नहीं उनके हमले करने का तरीका पाकिस्तानी अधिकारियों के लिए खतरे की घंटी बन गया है। पाकिस्तानी सेना अभी यह नहीं तय कर पा रही है कि वह इनसे किस तरह से निपटे। यही नहीं पिछले कुछ महीने में उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
पाक आर्मी ने बताया कैसे हुआ हमला?
पाकिस्तान की सेना के मुताबिक आतंकियों ने सैन्य ठिकाने के चारों ओर बनी चहारदीवारी के पीछे से ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर दिया। चूंकि वे दीवार के पीछे थे, इसलिए उन्हें नुकसान नहीं हुआ। जबकि सैनिक खुली जगह में थे, अचानक हमले के कारण सैनिकों की मौत हुई और कई जख्मी हुए। आतंकी अपने साथ भारी मात्रा में हथियारों से लैस होकर आए थे।
सेना की यूनिट घटनास्थल पर भेजी, पूरा इलाका सील
हमले के बाद वहां एक और यूनिट को भेजा गया है। पूरा इलाका सील कर दिया गया है। यहां हर घर तलाशी भी ली जा रही है। फौज का दावा है कि तीन आतंकी मारे गए हैं, लेकिन स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स में कहा गया है कि सभी आतंकी भागने में कामयाब रहे।
एक हफ्ते में दूसरी बार हुआ हमला, पहले से था हमले का अंदेशा
पाकिस्तान में एक हफ्ते में दूसरी बार आतंकी हमला हुआ है। इससे पहले भी आतंकियों ने सुरक्षा चौकी को ही निशाना बनाया था। ‘डॉन न्यूज’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक- झोब के पुलिस कमिश्नर ने कुछ दिन पहले फौज को एक खुफिया रिपोर्ट भेजी थी। इसमें फौज को किसी हमले का अलर्ट दिया गया था। पाक आर्मी के अधिकारियों के बयान के अनुसार बुधवार के हमले में एक महिला की भी मौत हुई है। वो आतंकियों और सैनिकों के बीच फायरिंग में फंस गई थी।


