प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मेरठ में दिखाई हरी झंडी : किया ‘नमो भारत ट्रेन’ और ‘मेट्रो रेल सेवा’ का उद्घाटन

उत्तर प्रदेश देश/प्रदेश राष्ट्रीय

एजेंसी, मेरठ। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रविवार को मेरठ में शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और केंद्रीय वित्त राज्‍य मंत्री एवं भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में मेरठ मेट्रो एवं नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और मेरठ दक्षिण स्टेशन तक मेट्रो रेल से भ्रमण किया।

प्रधानमंत्री ने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने भारत के ‘नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांसिट सिस्टम’ (आरआरटीएस) के शेष खंडों का भी उद्घाटन किया। इनमें दिल्ली में सराय काले खान और न्यू अशोक नगर के बीच का पांच किलोमीटर का खंड और उत्तर प्रदेश में मेरठ (दक्षिण) और मोदीपुरम के बीच का 21 किलोमीटर का खंड भी शामिल है। पीएम मोदी का मुख्यमंत्री ने स्वागत किया। उसके बाद प्रधानमंत्री शताब्दी नगर स्टेशन से ‘नमो भारत ट्रेन’ और ‘मेरठ मेट्रो’ को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद मोदी और योगी आदित्यनाथ मेट्रो से मेरठ साउथ स्टेशन तक जाएंगे।

बताया कि मोदी वहां से सड़क के रास्ते मोहिउद्दीनपुर में अपराह्न एक बजे जन सभा को संबोधित करने से पहले कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ नमो भारत देश की पहली क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली है। नमो भारत से साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्र दिल्ली से अधिक तेजी से जुड़ पाएगें। गलियारे का पहला स्टेशन सराय काले खान, इस उद्घाटन के साथ शुरू होने वाले चार नमो भारत स्टेशन में से एक है। रणनीतिक रूप से अहम यह स्टेशन ‘मल्टी-मॉडल हब’ है जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड को जोड़ता है।

ये भी पढ़े : चंद्रग्रहण के दिन जरूर करें कुछ चीजों का दान, चंद्र दोष से होंगे मुक्त

जिन तीन अन्य स्टेशन-नमो भारत स्टेशन शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम- की शुरुआत की जा रही है, वे मेरठ में हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ दक्षिण और मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा का भी उद्घाटन किया जो नमो भारत के ही बुनियादी ढांचे पर संचालित होगी। यह देश में अपनी तरह की पहली पहल है। मेरठ मेट्रो भारत की सबसे तेज मेट्रो प्रणाली होगी, जिसकी अधिकतम परिचालन गति लगभग 120 किमी प्रति घंटा होगी। एक ही बुनियादी ढांचे पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो का यह निर्बाध एकीकरण, तेज रफ्तार वाली अंतर-शहरी यात्रा और शहर के भीतर सुगम आवागमन के लिए मददगार साबित होगा तथा भारत में एकीकृत शहरी एवं क्षेत्रीय परिवहन के लिए एक मिसाल कायम करेगा। इससे सड़क यातायात में भीड़ कम होगी और वाहनों से होने वाले कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में खासी कमी आएगी। इस मौके पर उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे।

विपक्ष पर बरसे मोदी : कहा- वैश्विक आयोजन को कांग्रेस ने बना दिया ”गंदी और नंगी” राजनीति का अखाड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि उसने हाल में आयोजित वैश्विक एआई सम्मेलन जैसे राष्ट्रीय गौरव के अवसर को भी अपनी “गंदी राजनीति” का अखाड़ा बनाने की कोशिश की और देश की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। मेरठ में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में हुए वैश्विक एआई सम्मेलन में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों और कई राष्ट्राध्यक्षों ने भाग लिया, जिससे भारत का वैश्विक मान बढ़ा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसी दल का नहीं, बल्कि देश का था, लेकिन कांग्रेस ने इसकी मर्यादा भंग करने का प्रयास किया।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि सम्मेलन स्थल पर कांग्रेस से जुड़े लोगों ने अनुचित आचरण कर भारत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि देश की सफलता पर गर्व करने के बजाय कांग्रेस नेतृत्व ने उसे विवादों में घसीटने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उनसे, भाजपा से या एनडीए से राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्रीय कार्यक्रमों को राजनीति से ऊपर रखना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के सम्मान से जुड़े आयोजनों को बदनाम करना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने मीडिया से भी अपील की कि ऐसे मामलों में “विपक्ष” शब्द का प्रयोग कर पूरे विपक्ष को एक तराजू में न तौला जाए, बल्कि जिस दल की भूमिका हो, उसका स्पष्ट उल्लेख किया जाए।

उन्होंने कहा कि गलत आचरण की आलोचना विशिष्ट रूप से होनी चाहिए ताकि जवाबदेही तय हो सके। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की कार्यशैली से उसके सहयोगी दल भी असहज हैं और देश की जनता इस प्रकार की राजनीति को स्वीकार नहीं करती। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के लिए देश का विकास सर्वोपरि है, जबकि कुछ दल भारत की उपलब्धियों को स्वीकार करने में असमर्थ हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है और ऐसे में नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply