भोपाल। प्रदेश में कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश का दौर जारी है। बीते दिन प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। शाम को राजधानी के कुछ हिस्सों में जमकर पानी बरसा, झमाझम देर रात तक चलती रही। शहर में आधा इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान 32.7 डिग्री से 20 डिग्री पर पहुंच गया। मंगलवार को रतलाम को छोड़ पूरे प्रदेश में अधिकतम पारा 35 डिग्री से कम रहा। मई में जुलाई सा अहसास हुआ। अभी तीन-चार दिन यहां ऐसा ही मौसम रहेगा।
दो दिन में दो इंच बारिश : राजधानी में पिछले पांच दिनों से शहर में बेमौसम बारिश का क्रम चल रहा है। मई माह के दो दिन में शहर में लगभग दो इंच बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक मौसम इसी तरह रहेगा। मंगलवार को शहर में दिन में धूप खिली रही और शाम को शहर के अनेक हिस्सों में बादलों और गरज चमक के साथ तेज बारिश हुई। खासकर नेहरू नगर, न्यू मार्केट, एमपी नगर सहित अनेक स्थानों पर झमाझम बारिश दर्ज की गई।
अभी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा : मौसम विभाग की असिस्टेंट डायरेक्टर ममता यादव ने बताया कि अभी मौसम का मिजाज इसी तरह रहने की संभावना है। इस समय पश्चिमी विक्षोभ और सिस्टम के कारण अलग-अलग स्थानों पर बादल बन रहे हैं और गरज चमक के साथ बारिश, बौछारों की स्थिति बन रही है।
इसलिए बदल रहा मौसम : मौसम विभाग ने बताया कि इस समय दो विक्षोभ सक्रिय हैं। दक्षिण पश्चिमी मप्र से दक्षिण तमिलनाडु तक एक ट्रफ जा रही है। दक्षिण छग में भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात है। इस कारण बादल-बारिश की स्थिति बन रही है।


