रतलाम। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेताओं का पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को कांग्रेस नेता व आलोट विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मनोज चावला और कांग्रेस नेता प्रमोद गुगलिया ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली। दोनों नेता होटल रूद्र पैलेस स्थित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री मोहन यादव की उपस्थिति में दोनों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
मनोज चावला के कांग्रेस छोड़ने के बाद पार्टी में उनका विरोध भी शुरू हो गया है। रतलाम के नामली नगर में कांग्रेस नेताओं ने पोस्टर में लगे मनोज चावला के मुंह पर कालिख पोतकर विरोध दर्ज करवाया।
बड़े पद पर रहे हैं गुगालिया
इधर, कांग्रेस नेता प्रमोद गुगलिया कई अहम पदों पर रहे हैं। वे मप्र कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव और पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी रहे हैं। साथ ही केन्द्र सरकार के सूचना प्रसारण मंत्रालय, रेल मंत्रालय व कपड़ा मंत्रालय के बोर्ड में डायरेक्टर व सदस्य की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
रतलाम पहुंचे सीएम यादव, कार्यकर्ताओं की बैठक में हुए शामिल

मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ मोहन यादव शनिवार को पहली बार रतलाम में कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के लिए पहुंचे। उन्हें सुबह करीब 10:15 बजे रतलाम की बंजली हवाई पट्टी पर पहुंचना था लेकिन वे करीब सवा घंटा लेट सुबह 11:40 बजे विमान से हवाई पट्टी पर पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओ ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे वाहन में सवार होकर होटल रूद्र पैलेस स्थित हाल में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। हवाई पट्टी पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप, पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी सहित भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से भेंट की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया ।
कार्यकर्ताओं की ले रहे बैठक
इसके बाद मुख्यमंत्री वाहन में सवार होकर कार्यकर्ताओं की बैठक में पहुंचे। इस बीच रास्ते में बनाए गए जगह-जगह मंचों पर भी मुख्यमंत्री डॉ यादव का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बैठक में मुख्यमंत्री डाॅ यादव रतलाम लोकसभा क्षेत्र की रतलाम शहर, रतलाम ग्रामीण एवं सैलाना विधानसभा के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे है। बैठक के बाद वे रतलाम से राणापुर (झाबुआ) के लिए प्रस्थान करेगे।


