भाजपा ने विन्ध्य के जनादेश का अपमान किया, चुनाव के ठीक पहले हो रहीं घोषणाएं पापों पर पर्दा डालने की कोशिश- अजय सिंह
रीवा| मप्र विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने दावा करते हुए कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जनता के आक्रोश का ज्वालामुखी अब फट चुका है और सरकार के खिलाफ प्रदेश की जनता अब उठ खड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की नकारा एवं गैरजिम्मेदार भाजपा सरकार इतिहास की सबसे शर्मनाक पराजय का सामना करने जा रही है। विंध्य के रीवा से पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने यात्रा की शुरुआत की। सबसे पहले वे सुबह करीब साढे़ नौ बजे किला स्थित महामृत्युंजय मंदिर पहुंचे। यहां दर्शन और पूजा के बाद पत्रकारवार्ता की। अजय सिंह ने आरोप लगाया कि MP में महिलाएं असुरक्षित है। चौतरफा भ्रष्टाचार है। राज्य सरकार का खजाना खाली है। शिवराज घोषणा पर घोषणा कर रहे हैं। इतना कर्ज लाद दिया है कि उतारना मुश्किल हो जाएगा। मालुम है कि अब प्रदेश से बाहर हो रहे हैं। ऐसे में दूसरे की स्कीम चुरा रहे हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश के प्रभारी संजय कपूर रीवा जिला कांग्रेस के संगठन प्रभारी प्रताप भानु शर्मा रीवा जिला कांग्रेस के अध्यक्ष इंजीनियर राजेंद्र शर्मा शहर अध्यक्ष लखन खंडेलवाल,महापौर अजय मिश्रा बाबा, पूर्व विधायक राजेंद्र मिश्रा सुखेंद्र सिंह बन्ना,भगत शुक्ला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जनाक्रोश यात्रा के प्रथम दिन रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के बहुरी बांध, खड्डा मोड़, हिनौता, शाहपुर, वीणा, बसामन मामा, चचाई एवं सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के सिरमौर,पटेहरा,अतरैला, डभौरा एवं जवा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने चुनाव के ठीक पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा हर रोज की जा रही घोषणाओं पर सवाल उठाते हुए श्री अजय सिंह ने कहा कि इस तरह की फर्जी और चुनावी घोषणाएं जनता के आक्रोश में इजाफा कर रही हैं। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा की प्रदेश की जनता उनकी ठगी को समझ चुकी है और वह उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।

रीवा के महामृत्युंजय धाम किला परिसर से कांग्रेस द्वारा आयोजित जन आक्रोश यात्रा का रथ फोर्ट रोड के रास्ते अगले पड़ाव, सेमरिया की ओर बढ़ चुका है। यात्रा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, शहर अध्य क्ष लखनलाल खंडेलवाल, रीवा नगर निगम महापौर अजय मिश्रा बाबा, सहित कांग्रेस के वरिष्ठ जन्म कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हैं। इससे पहले जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जन आक्रोश यात्रा को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस पत्रकार वार्ता को पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं जन आक्रोश यात्रा प्रभारी अजय सिंह राहुल भैया, राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर ,कांग्रेस जिला अध्यक्ष इंजी.राजेंद्र शर्मा,रीवा महापौर अजय मिश्रा बाबा और पूर्व विधायक राजेंद्र मिश्रा ने संबोधित किया।

अजय सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पर विन्ध्य के जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में विन्ध्य की भोली भाली जनता ने उनके बहकावे में आकर जो भरोसा और विश्वास दिया भाजपा सरकार द्वारा उस भरोसे का कत्ल किया गया । उन्होंने कहा कि विन्ध्य की 30 सीटों में 24 सीटें भाजपा को मिलीं लेकिन उसके बदले इस क्षेत्र को उपेक्षा और त्रासदी के अलावा कुछ भी नहीं मिला। अजय सिंह ने विन्ध्य की जनता से अपील करते हुए कहा कि अपनी उपेक्षा और अपमान का बदला लेने का समय अब आ चुका है। भाजपा सरकार को ऐसा जबाब दें कि आने वाले समय में कोई भी सरकार विन्ध्य की उपेक्षा करने का साहस न कर सके।


