पूर्वी UP-बिहार समेत देश के 14 राज्यों में भारी बारिश का Alart, उत्तराखंड के लिए भी रेड अलर्ट

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली| पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 11 से 14 अगस्‍त तक उत्तराखंड के ज्यादातर जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में शुक्रवार तड़के सुबह लैंडस्लाइड होने से शिमला-कालका नेशनल हाईवे-5 बंद हो गया। राज्य में एनएच-21 भी लैंडस्लाइड की वजह से बंद है। देश के जिन 14 राज्‍यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु हैं। झारखंड और ओडिशा में मध्‍यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

हरियाणा के 13 शहरों में शुक्रवार को बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। उत्तर हरियाणा के 5 जिलों में 13 से फिर मानसून एक्टिव होगा। गुजरात के ऊपर चक्रवाती हवाओं का घेरा बनने से मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ यानी, इंदौर-उज्जैन में भी असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को खरगोन, धार और उज्जैन में हल्की बारिश हुई। ऐसा ही मौसम शुक्रवार को भी रहने का अनुमान है। राजस्थान में मानसून अब कमजोर पड़ गया है। वेस्टर्न हवाओं के प्रभाव के कारण बंगाल की खाड़ी से मोइश्चर विंड का आना रुक गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले सात दिनों तक राजस्थान में कोई ऐसा वेदर सिस्टम बनने की संभावना नहीं है, जिससे तेज बारिश हो सके। इस बार अगस्त में जून-जुलाई से भी कम बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में केदारनाथ जाने वाला गुप्तकाशी-गौरीकुंड हाईवे पत्थर और मलबा गिरने की वजह से ब्लॉक हो गया है। हाईवे का 60 मीटर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। रुद्रप्रयाग जिले में एसडीआरएफ की टीम ने नदी में फंसे एक व्यक्ति को बचाया। यह व्यक्ति केदारनाथ धाम से लौट रहा था। लैंडस्लाइड से सड़क ब्लॉक होने की वजह से व्यक्ति शॉर्टकट रास्ते से गुप्तकाशी लौट रहा था। इसी दौरान वह नदी में फंस गया।

Leave a Reply