पुतिन के डिनर में राहुल–खड़गे को न्योता नहीं : शशि थरूर को बुलाया ; कल राहुल ने कहा था- सरकार विदेशी मेहमानों से मिलने नहीं देती

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में शुक्रवार रात डिनर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को निमंत्रण नहीं दिया गया है। वहीं कांग्रेस के ही सांसद शशि थरूर को बुलाया गया है। पीटीआई ने जब राहुल-खड़गे को न्योता न मिलने का सवाल थरूर से किया तो उन्होंने कहा- मुझे नहीं पता कि निमंत्रण किस आधार पर दिए जाते हैं, लेकिन मैं इस कार्यक्रम में जरूर जाऊंगा। हालांकि, विपक्ष के नेताओं को नहीं बुलाना ठीक बात नहीं है। इससे पहले राहुल गांधी ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि सरकार, विदेश से आने वाले शीर्ष नेताओं (दिग्निटरीज) से मिलने नहीं देती। उनसे कहती है कि वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष से न मिलें। इसका कारण सरकार की असुरक्षा है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 4 दिसंबर को 23वें भारत-रूस समिट के लिए दो दिन के भारत दौरे पर पहुंचे है। उनका यह दौरा भारत-रूस के बीच रणनीतिक संबंधों के 25 साल पूरे होने पर हो रहा है। इससे पहले पुतिन 2021 में भारत आए थे।

राहुल बोले- सरकार नहीं चाहती विपक्षी नेताओं से मुलाकात हो
राहुल ने गुरुवार को कहा था कि विपक्ष भारत का प्रतिनिधित्व करता है और उनका दृष्टिकोण जानना भी जरूरी होता है, लेकिन सरकार नहीं चाहती कि विपक्षी नेताओं की विदेश नेताओं से मुलाकात हो।

सरकार ने राहुल के आरोपों को नकारा
इंडिया टुडे के मुताबिक, राहुल के आरोपों को सरकार ने गलत बताया है। सरकारी सूत्रों का कहना है कि जून 2024 में नेता विपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी कम से कम चार विदेशी राष्ट्राध्यक्षों से मिल चुके हैं, जिनमें बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भी शामिल हैं। सरकार का कहना है कि किसी भी विदेशी प्रतिनिधिमंडल से यह सरकार नहीं, बल्कि वह प्रतिनिधिमंडल खुद तय करता है कि वह सरकारी नेताओं के अलावा किन लोगों से मिलना चाहता है। यानी किसे बुलाना है और किससे मिलना है, यह फैसला उस विदेशी डेलिगेशन का होता है, न कि भारत सरकार का।

राष्ट्रपति भवन में डिनर की तैयारियां हो रही
राष्ट्रपति भवन में आज रात होने वाले डिनर की तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम में करीब 150 मेहमान शामिल होंगे, जिनमें राजनीति, बिज़नेस और कला जगत के बड़े नाम मौजूद रहेंगे। डिनर के दौरान इंडियन आर्मी, नेवी और एयरफोर्स के संगीतकारों की ट्राई-सर्विसेज बैंड भारतीय और रूसी धुनें बजाकर माहौल खास बनाएगी। मेन्यू भी काफी खास तैयार किया गया है। इसमें कश्मीरी वाजवान से लेकर रूसी बोर्श्ट सूप तक, दोनों देशों के स्वादों का मिश्रण होगा।

Leave a Reply