झाबुआ। जनजातीय मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यक्रम में झाबुआ पधार रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। फिर भी भाजपा संगठन इसमें छोटी से छोटी व्यवस्थाओं को लेकर मुस्तैद है। झाबुआ जिला भाजपा मीडिया प्रभारी योगेन्द्र नाहर ने बताया कि आज स्थानीय हवाई पट्टी गोपालपुरा में व्यवस्थाओं का वन एवं पर्यावरण मंत्री नागरसिंह चौहान, कार्यक्रम प्रभारी जयपालसिंह चावड़ा, संभागीय संगठन प्रभारी राघवेन्द्र गोतम, प्रदेश मंत्री संगीता सोनी, जिला प्रभारी हरिनारायण यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, किशोर शाह, लक्ष्मणसिंह नायक, ओमप्रकाश शर्मा, दौलत भावसार, शैलेश दुबे, जयदीप पटेल सहित सैकड़ों भाजपा नेताओं एवं पदाधिकारियों ने सभास्थल का निरीक्षण कर किया। यहां जल, अनुशासन, वीवीआईपी पास, ग्रीन रूम, जनजातीय समुदाय के संतों के सम्मान, झंडा टोपी वितरण कार्य आदि व्यवस्थाओं के चाक चौबंद एवं सुनियोजित तरीके से करने के लिए जयपालसिंह चावड़ा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
चावड़ा ने कार्यकर्ताओं से चर्चा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सभास्थल पर लगभग 15 हजार झंडे लगाकर स्थल को सुसज्जित किया जा रहा है तथा सभा स्थल के आसपास 50 से अधिक पानी के टैंकर, 200 से अधिक केम्पर व आसपास के प्रत्येक जिले में 500 वीआईपी पास उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वीआईपी पास व्यवस्था में ड्राइवर का आधार कार्ड भी जरूरी किया गया है। वीआईपी पास धारक अपना आधार कार्ड अवश्य साथ में लेकर ही पधारें जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। संभागीय संगठन प्रभारी राघवेन्द्र गोतम ने सभी कार्यकर्ताओं से अपनी दायित्व का इमानदारी से निर्वहन करने का आग्रह किया।


