घने कोहरे के चलते ताहिरपुर में नहीं उतर पाया पीएम मोदी का हेलिकॉप्टर, फोन के जरिये रैली को किया संबोधित, ममता सरकार पर साधा निशाना

देश/प्रदेश पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय

एजेंसी, कोलकाता/ताहिरपुर। पीएम मोदी घने कोहरे के कारण हेलीकॉप्टर से पश्चिम बंगाल के नदिया में स्थित ताहिरपुर नहीं पहुंच पाए, जिसके बाद उन्होंने फोन के जरिये रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य पिछड़ेपन से जूझ रहे बंगाल के दूर-दराज के इलाकों तक आधुनिक संपर्क सुविधाएं सुनिश्चित करना है। इस दौरान पीएम मोदी ने बंगाल की ममता सरकार पर भी निशाना साधा।

इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि कम दृष्यता होने के कारण प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर ताहिरपुर में नहीं उतर पाया, जिसके बाद यह कोलकाता हवाई अड्डा लौट गया। इसके बाद मोदी ने फोन के जरिये रैली को संबोधित करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस उनका और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चाहे जितना विरोध करे लेकिन पश्चिम बंगाल की प्रगति नहीं रुकनी चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य पिछड़ेपन से जूझ रहे बंगाल के दूर-दराज के इलाकों तक आधुनिक संपर्क सुविधाएं सुनिश्चित करना है। मोदी आज ही दो दिवसीय असम यात्रा के लिए गुवाहाटी जाएंगे, जहां वह कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस बीच, ताहिरपुर के नेताजी पार्क रैली स्थल पर हंगामा हो गया, जब बढ़ती भीड़ ने अपना धैर्य खो दिया और अंदर घुसने की कोशिश की, जो पहले ही पूरी तरह से भर चुका था। भीड़ ने रैली स्थल के एक वीआईपी प्रवेश द्वार को तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, जिसके बाद जिले की पुलिस और प्रशासन को भीड़ को संभालने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे पहले, प्रधानमंत्री पूर्वाह्न लगभग 10:40 बजे कोलकाता पहुंचे और फिर हेलीकॉप्टर से नदिया जिले के ताहिरपुर के लिए रवाना हुए। ताहिरपुर पहुंचकर उन्हें पश्चिम बंगाल में राजमार्ग परियोजनाओं की शुरुआत करनी थी। इसके बाद उन्हें भाजपा की राजनीतिक रैली ‘परिवर्तन संकल्प सभा’ में भाग लेना था।

पीएम मोदी की रैली में नादिया जा रहे थे चार भाजपा समर्थक… ट्रेन की चपेट में आने से मौत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शनिवार सुबह तहेपुर में होने वाली रैली में शामिल होने जा रहे चार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थकों की नदिया जिले में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह घटना कृष्णानगर-राणाघाट रेल खंड पर तहेपुर और बड़कुल्ला रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। मृतक उन करीब 40 भाजपा समर्थकों के समूह का हिस्सा थे, जिन्होंने मुर्शिदाबाद से तहेपुर जाने के लिए एक बस किराए पर ली थी। वे प्रधानमंत्री की बैठक और मटुआ-बहुल राणाघाट लोकसभा क्षेत्र में होने वाली सार्वजनिक रैली में शामिल होने जा रहे थे।

ये भी पढ़ें : आईएएस सर्विट मीट में मोहन यादव की बातें सुन ठहाके लगा लोटपोट होने लगे अफसर

Leave a Reply