एजेंसी, इस्लामाबाद| पाकिस्तान : इस्लामाबाद में शिया मस्जिद में भीषण ब्लास्ट : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट कर खुद को उड़ा लिया। इस धमाके में 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और 250 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने कहा कि यह भीषण विस्फोट इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में स्थित खदीजातुल कुबरा मस्जिद-सह-इमामबाड़ा में हुआ। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आत्मघाती हमलावर को इमामबाड़ा के द्वार पर रोक लिया गया था, लेकिन उसने खुद को विस्फोट में उड़ा लिया। फिलहाल, किसी भी समूह ने इस विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है। राजधानी के अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है। सेना के जवानों और रेंजर्स ने इलाके को घेर लिया है और विस्फोट स्थल के आसपास सुरक्षा अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच की जा रही है लेकिन विस्फोट आत्मघाती हमला प्रतीत होता है।
‘मस्जिद में हुआ धमाका हमला था’
इस्लामाबाद पुलिस ने कहा कि बड़ी मस्जिद में हुआ धमाका एक हमला था और इसकी जांच चल रही है। बचाव दल और चश्मदीदों ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। टेलीविजन फुटेज और सोशल मीडिया की तस्वीरों में पुलिस और स्थानीय लोग घायलों को पास के अस्पतालों में ले जाते दिखे।
मस्जिद में धमाके के बाद का वीडियो सामने आया
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शिया मस्जिद में धमाके का वीडियो सामने आया है। इस हमले के जरिए शिया समुदाय को निशाना बनाया गया है। रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद है। मस्जिद के आसपास के इलाके को घेर लिया गया है।
Tragic reports from Tarlai, Islamabad
A suicide bomber detonated at the gate of an Imambargah, with multiple casualties and many injured.
Targeting Shia worshippers is not politics, it’s sectarian terrorism.
Pakistan’s biggest internal crisis isn’t image or diplomacy; it’s the… pic.twitter.com/TmZfVjIL4H— Pakistan Reality Check (@PakRealityCheck) February 6, 2026
क्या बोले राष्ट्रपति जरदारी?
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले की निंदा करते हुए मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने निर्देश दिया कि घायलों को हर संभव मेडिकल सहायता दी जाए। जरदारी ने कहा, “निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है। मुश्किल समय में पूरा देश प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।”
मोहसिन नकवी ने क्या कहा?
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी हमले की निंदा की है। नकवी ने अधिकारियों से घायलों को बेहतरीन मेडिकल सुविधा देने को कहा है। शुक्रवार को यह हमला तब हुआ जब उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव, जो 2 दिन की आधिकारिक यात्रा पर हैं, शरीफ के साथ एक कार्यक्रम में शामिल हो रहे थे। इस्लामाबाद में यह कार्यक्रम धमाके वाली जगह से दूर था।
2008 में हुआ था सबसे घातक हमला
इस्लामाबाद में आखिरी सबसे घातक हमला 2008 में हुआ था, जब राजधानी के मैरियट होटल को निशाना बनाकर एक आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें 63 लोग मारे गए थे और 250 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। नवंबर में, एक आत्मघाती हमलावर ने इस्लामाबाद में एक कोर्ट के बाहर हमला किया था, जिसमें 12 लोग मारे गए थे।
किसी ने नहीं ली धमाके की जिम्मेदारी
इस्लामाबाद में शिया मस्जिद में धमाके की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है लेकिन शक पाकिस्तानी तालिबान या इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकवादियों पर जा सकता है, जिन पर देश में अल्पसंख्यक शिया नमाजियों पर पहले भी हमले करने का आरोप लगा है।
31 लोगों की मौत 169 घायल
पाकिस्तान की राजधानी में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक शिया मस्जिद में एक सुसाइड बॉम्बर ने खुद को उड़ा लिया, जिसमें कम से कम 31 लोग मारे गए और लगभग 169 अन्य घायल हो गए। पुलिस और चश्मदीदों ने कहा कि सुसाइड बॉम्बर को इमामबारगाह के गेट पर रोका गया, लेकिन उसने खुद को उड़ा लिया।
शिया समुदाय को बनाया गया निशाना
बम धमाके के जरिए शिया समुदाय को निशाना बनाया गया है। धमाके के बाद शिया मस्जिद के अंदर का मंजर डरा देने वाला है। लोग घायल और खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े हुए नजर आए। रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद है।
शहबाज शरीफ ने की निंदा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस्लामाबाद में मस्जिद के बाहर हुए धमाके की निंदा की है। एक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री ने गहरा दुख जताया है और उस धमाके की कड़ी निंदा की है जिसमें कम से कम 80 लोग घायल हुए।
जुमे की नमाज के बाद हुआ धमाका
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के बाद भीषण धमाका हुआ है। धमाका उस वक्त हुआ जब आत्मघाती हमलावर ने मस्जिद के गेट पर खुद को उड़ा लिया। धमाके के बाद इस्लामाबाद में इमरजेंसी लगा दी गई है।
पहले भी हुए हैं धमाके
धमाका 11 नवंबर, 2025 को इस्लामाबाद में एक डिस्ट्रिक्ट और सेशंस कोर्ट बिल्डिंग के बाहर हुए आत्मघाती हमले के 3 महीने से भी कम समय बाद हुआ है। इस धमाके में 12 लोग मारे गए थे और 30 से ज्यादा घायल हुए थे।
5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में मस्जिद को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमले ने पूरे देश को हिला दिया है। ब्लास्ट इतना तेज था कि इसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
मस्जिद ब्लास्ट में मृतकों की संख्या में इजाफा
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती ब्लास्ट में मारे जाने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अभी तक मिली रिपोर्ट्स के मुताबिक, मस्जिद के गेट पर किए गए आत्मघाती धमाके में अब तक कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं।
मस्जिद के गेट पर हमलावर ने खुद को उड़ाया
बताया जा रहा है कि हमलावर ने मस्जिद की गेट पर खुद को उड़ा लिया। यह एक शिया मस्जिद है और इस हमले में कम से कम 10 लोगों के मारे जाने और 30 लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है।
अस्पताल में आपातकाल घोषित
पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रवक्ता के हवाले से एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने बताया कि अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। अखबार ने आगे बताया कि घायलों को इलाज के लिए पीआईएमएस और पॉलीक्लिनिक में भर्ती कराया जा रहा है।
इस्लामाबाद के इमामबाड़ा में ब्लास्ट
इस्लामाबाद में हुए धमाके से पाकिस्तान दहल गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। इस्लामाबाद के एक इमामबाड़े में स्थित मस्जिद में आत्मघाती विस्फोट हुआ है जिसमें कई लोगों के हताहत होने की आशंका है।
ये भी पढ़े : शहबाज शरीफ का ऐलान : टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा पाकिस्तान, कहा- हम बंग्लादेश के साथ…
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


