भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहले टेस्ट का पहला दिन बारिश के कारण जल्दी खत्म कर दिया गया। भारत ने 8 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए। मोहम्मद सिराज (0 रन) और केएल राहुल (70 रन) नॉटआउट लौटे। साउथ अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा ने 5 विकेट लिए। तीसरे तीसरे सेशन में जसप्रीत बुमराह 19 बॉल पर एक रन बनाकर बोल्ड हुए, उन्हें मार्को यानसन ने पवेलियन भेजा। दूसरे दिन का खेल बुधवार को भारतीय समयानुसार दोपहर एक बजे से शुरू होगा।
राहुल ने सिक्स लगाकर पूरी की फिफ्टी
भारत के विकेटकीपर बैटर केएल राहुल ने 80 बॉल पर अर्धशतक लगाया। वह दूसरे सेशन में श्रेयस अय्यर का विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आए। उनके सामने विराट और अश्विन आउट हो गए। राहुल ने फिर शार्दूल के साथ 43 रन की पार्टनरशिप की। वह बुमराह के साथ भी टिके रहे। उन्होंने 52वें ओवर में नांद्रे बर्गर की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर अपनी फिफ्टी भी पूरी कर ली।
रबाडा और साउथ अफ्रीका के नाम रहा
पहला सेशन खत्म होने तक भारत ने 3 विकेट पर 91 रन बना लिए थे। दूसरा सेशन शुरू होते ही टीम ने 29 रन बनाने में ही 3 विकेट गंवा दिए। तीनों विकेट कगिसो रबाडा ने लिए। शार्दूल ठाकुर और केएल राहुल सेट होने के बाद पार्टनरशिप बिल्ड कर रहे थे। लेकिन रबाडा ने शार्दूल को भी आउट किया और दोनों के बीच 43 रन की पार्टनरशिप तोड़ी। दूसरा सेशन खत्म होने तक भारत ने 7 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए। रबाडा ने सेशन में 4 विकेट लिए और टेस्ट में अपने 5 विकेट पूरे कर दूसरा सेशन साउथ अफ्रीका के नाम बनाया। इस सेशन में टीम इंडिया ने 24 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 85 रन बनाए।


