नेतन्याहू बोले- इजराइल-हमास में सीजफायर किसी भी वक्त

अंतर्राष्ट्रीय इजराइल

तेल अवीव| इजराइल और हमास के बीच 46 दिन से जंग जारी है। इस बीच ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों पक्ष जल्द ही सीजफायर का ऐलान कर सकते हैं। खुद इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि जल्द अच्छी खबर मिल सकती है। नेतन्याहू देर रात कैबिनेट मीटिंग करने जा रहे हैं। तमाम आला अफसरों को भी बुलाया गया है। माना जा रहा है कि हमास 50 बंधकों को रिहा करेगा। इजराइल भी कुछ फिलिस्तीनियों को छोड़ेगा। इनमें बच्चे और महिलाएं ही रहेंगे। जंग कितने दिन थमी रहेगी। इसका फैसला बाकी है। हमास चीफ इस्माइल हानिए ने भी सीजफायर की तरफ इशारा किया था।

आजाद फिलिस्तीन के पक्ष में भारत
संयुक्त राष्ट्र संघ यानी UN में सोमवार को गाजा के मानवीय हालातों पर चर्चा हुई। इस दौरान यूएन में भारत की राजदूत रुचिरा कम्बोज ने कहा कि भारत हमेशा से आजाद फिलिस्तीन बनाने का समर्थन करता रहा है। उन्होंने कहा है कि भारत दुनिया में हो रही हर उस कोशिश के साथ हैं, जिससे जंग की वजह से गाजा में बने मानवीय हालात सुधर सकें। वहीं, हमास चीफ इस्माइल हानिये ने कहा है कि वो सीजफायर को लेकर होने वाली डील के काफी करीब पहुंच चुके हैं। न्यूज एजेंसी के मुताबिक हानिये ने कहा है कि डील को लेकर हम अपने जवाब कतर और मध्यस्थता कर रहे बाकी पार्टियों को भी बता चुके हैं। अमेरिका और कतर के अधिकारियों ने भी होस्टेज डील होने की बात स्वीकार की है।

गाजा में अपने साथियों की गोली से मार रहे इजराइली
गाजा में ग्राउंड ऑपरेशन चला रही इजराइली सेना के अब तक 66 सैनिक मारे जा चुके हैं। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक काफी मामले ऐसे हैं जिसमें इजराइली सैनिक अपने ही साथियों की गोलियों से मर रहे हैं। इसे फ्रेंडली-फायरिंग यानी गलती से की गई फायरिंग कहा जाता है। इस तरह के मामलों में सैनिक जंग के दौरान दुश्मन पर गोली चलाते हैं पर वो गलती से उन्हीं के साथी को लग जाती है। सिर्फ इजराइल ही नहीं हर जंग के दौरान फ्रेंडली फायरिंग के मामले सामने आते हैं, अफगान जंग के दौरान 9 जून 2014 को एक ही दिन में 5 अमेरिकी सैनिक फ्रेंडली फायर का शिकार हो गए थे। इजराली सेना ने कहा है कि वो फ्रेंडली फायर के मामलों की जांच कर रही है, ताकि आगे इन्हें होने से रोका जा सके। वहीं, आईडीएफ ने कहा है कि अब तक 300 हमास और इस्लामिक जिहाद के लड़ाकों से पूछताछ की गई है। ये लोग इजराइल को हमास की टनल और हथियारों के ठिकानों के बारे में जानकारियां दे रहे हैं।

Leave a Reply