नीतीश सरकार का शपथ ग्रहण गाँधी मैदान में 20 तारीख को होगा, पीएम मोदी भी होंगे शामिल

देश/प्रदेश बिहार राष्ट्रीय

एजेंसी, बिहार। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद नीतीश कुमार 20 नवंबर 2025 को पटना के गाँधी मैदान में दसवीं बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं। यह कार्यक्रम एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है, जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अमित शाह, राजनाथ सिंह, धर्मेंद्र प्रधान जैसे वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित अन्य एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि पटना के गाँधी मैदान को 17 से 20 नवंबर तक आम नागरिकों के लिए बन्द रखा गया है ताकि तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके। जानकारी के मुताबिक नीतीश कुमार की वर्तमान कैबिनेट अंतिम बैठक करेगी, उसके बाद इस्तीफा देकर नई सरकार गठन का दावा पेश किया जाएगा। एनडीए के घटक दलों (जेडीयू, बीजेपी, एलजेपी(आर), एचएएम, आरएलएम) के विधायक अपने नेता चुनेंगे।

जेडीयू ने जीती 85 सीटें
उल्लेखनीय है कि 243 सीटों वाली विधानसभा में हाल ही में हुए दो चरणों के चुनावों में बीजेपी ने 89 सीटें, जबकि जेडीयू ने 85 सीटें हासिल की हैं। एनडीए ने कुल 202 सीटों पर कब्जा जमाकर बड़ी सफलता प्राप्त की है। खास बात यह है कि बीजेपी दमदार स्ट्राइक रेट के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है।

कुछ ऐसे तय होगा बिहार का मंत्रिमंडल
सूत्रों के मुताबिक एनडीए में मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर सहमति बन चुकी है। नई कैबिनेट गठन पर बनी सहमति के अनुसार 6 विधायकों पर एक मंत्री बनाए जाने की संभावना है। इस आधार पर जेडीयू के हिस्से से लगभग 14 मंत्री शामिल हो सकते हैं। वहीं बीजेपी से 15-16 मंत्रियों को स्थान मिलने की संभावना जताई जा रही है। लोजपा रामविलास के समर्पित कोटे से 3 और जीतन राम मांझी व उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है।

एनडीए को मिली 202 सीटों पर जीत
सत्ता पक्ष एनडीए को 202 सीटें मिली हैं, जो 243 सदस्यीय सदन में लगभग तीन-चौथाई बहुमत है। यह दूसरा मौका है जब एनडीए ने विधानसभा चुनावों में 200 के आँकड़े को पार किया है। 2010 के चुनाव में एनडीए ने 206 सीटें जीती थीं। महागठबंधन को मात्र 35 सीटें मिलीं, जिनमें राष्ट्रीय जनता दल ने 25 और कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की है।

Leave a Reply