नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2024 में अब कुछ महीनों का वक्त बचा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को अपनी नई टीम का ऐलान किया। पार्टी ने मुस्लिम समुदाय से दो लोगों को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाकर चौंका दिया है। दो मुस्लिम राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में से एक अब्दुल्ला कुट्टी और एक अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के पूर्व चांसलर तारिक मंसूर का नाम शामिल है। नई टीम में 13 राष्ट्रीय सचिव बनाए गए हैं। 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महामंत्री भी बनाए गए हैं। इसमें नए और पुराने चेहरों का समन्वय बैठाया गया है। नई सूची मुताबिक, डॉ. रमन सिंह, वसुंधरा राजे सिंधिया, रघुबर दास को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। बीएल संतोष राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बने रहेंगे। शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। राजेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष और नरेश बंसल को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
कांग्रेस से आए अनिल एंटनी को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। अनिल कांग्रेस नेता एके एंटनी के बेटे हैं। मध्य प्रदेश से सौदान सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और कैलाश विजयवर्गीय को राष्ट्रीय महामंत्री का पद दिया गया है। नई सूची में यूपी से सबसे ज्यादा 6 नाम हैं। सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, रेखा वर्मा, लक्ष्मीकांत बाजपेई और विधान परिषद सदस्य तारिक मंसूर हैं। तारिक अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर रहे हैं। इनके अलावा राधामोहन अग्रवाल, अरुण सिंह को भी जिम्मेदारी दी गई है।
तेलंगाना से संजय बंदी को टीम शामिल किया गया है। एमपी, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना में इस साल के आखिर तक चुनाव होने हैं। मध्य प्रदेश से तीन नेताओं को उनके पद पर बरकरार रखा गया है। कैलाश विजयवर्गीय राष्ट्रीय महामंत्री बने रहेंगे। इसी तरह सौदान सिंह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और ओमप्रकाश धुर्वे भी राष्ट्रीय सचिव के पद पर बरकरार रहेंगे। आंध्र प्रदेश के प्रभारी सुनील देवधर, सीटी रवि और दिलीप सैकिया को भी महामंत्री पद से हटाया गया है। सह कोषाध्यक्ष पद से मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता को हटाया गया है। उनकी जगह नरेश बंसल को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
अब्दुल्ला कुट्टी को भाजपा ने आज अपना राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया हैं। कुट्टी मूल रूप से केरल के रहने वाले है। इसके साथ ही वह लोकसभा के सदस्य भी रह चुके है। फिलहाल वह भारतीय हज समिति अध्यक्ष है। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व वाइस चांसलर तारिक मंसूर को भी बीजेपी ने आज अपना नया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है। वह पद्म सम्मान देने वाली स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य भी रह चुके हैं। मंसूर को भाजपा ने इसी साल उत्तर प्रदेश विधान परिषद का सदस्य बनाया था।


