नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात भगदड़ मचने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि भगदड़ में कम से कम 18 लोगों के मारे जाने की सूचना है। प्लेटफार्म संख्या 14 और 15 पर प्रयागराज (जहां महाकुंभ का आयोजन किया गया है) जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने पहले संवाददाताओं को बताया था कि मध्य दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में 15 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था और दो को छोड़कर सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने बताया कि भगदड़ में मारे गए लोगों में से कम से कम तीन बच्चे हैं। आतिशी ने बताया कि लगभग 15 लोग घायल हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।

रेल मंत्रालय ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के दिए आदेश
मंत्रालय ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दिए हैं और प्रयागराज महाकुंभ के लिए चार विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। रिपोर्टों से पता चला है कि प्रयागराज में महाकुंभ के लिए ट्रेन सेवाओं के कारण अत्यधिक भीड़ के कारण प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर अफरा-तफरी मच गई जिसके कारण भगदड़ की स्थिति पैदा हुई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि दिल्ली पुलिस और आरपीएफ के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थिति अब नियंत्रण में है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। अचानक हुई भीड़ को निकालने के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।’ उन्होंने यह भी कहा कि नई दिल्ली स्टेशन पर इस अभूतपूर्व अचानक भीड़ को निकालने के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। अब भीड़ कम हो गई है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने व्यक्त किया दुख
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में यात्रियों की मौत पर दुख व्यक्त किया है और इस घटना को ‘विनाशकारी’ बताया है।
उन्होंने कहा, ‘रेलवे प्लेटफॉर्म पर भगदड़ के कारण हुई जानमाल की हानि से मैं बेहद दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पोस्ट
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, ‘नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ से व्यथित हूं: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार रात को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की और कहा कि अधिकारी इससे प्रभावित सभी लोगों की सहायता में जुटे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ (जैसी स्थिति) से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्दी ठीक हो जाएं।’’ उन्होंने कहा कि अधिकारी इस स्थिति से प्रभावित सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति बनने से प्लेटफॉर्म संख्या 14 और 15 पर अफरा-तफरी मच गई, जिसमें कम से कम 15 लोगों के कथित तौर पर घायल होने तथा कुछ लोगों की मौत होने की आशंका है।
दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्था और भगदड़ के कारण जान गंवाने की घटना दुखद: उपराज्यराल
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि शनिवार रात नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ‘अव्यवस्था और भगदड़’ के कारण लोगों की मौत और घायल होने की घटना ‘दुर्भाग्यपूर्ण एवं दुखद’ है। सक्सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव और दिल्ली पुलिस आयुक्त को स्थिति को हल करने का निर्देश दिया है। उपराज्यपाल ने कहा, “इस घटना के पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।” सक्सेना ने कहा कि वह लगातार स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव को आपदा प्रबंधन उपाय लागू करने और राहत कर्मियों को तैनात करने के लिए कहा गया है। सक्सेना ने कहा, “सभी अस्पताल संबंधित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। मुख्य सचिव और पुलिस आयुक्त को मौके पर मौजूद रहने तथा राहत उपायों पर नियंत्रण रखने का निर्देश दिया गया है।”
मृतकों को 10 लाख और घायलों को 2.5 लाख देगी सरकार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ के पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान
राष्ट्रीय राजधानी के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कल रात भगदड़ में हताहत लोगों के लिए रेलवे ने मुआवजा देने की घोषणा की है। उत्तर रेलवे के मुख्य प्रवक्ता ने आज सुबह यहां बताया कि कल रात भगदड़ की घटना के प्रभावित लोगों को मुआवजे की घोषणा की गई है और धनराशि वितरित भी की जा रही है। प्रवक्ता के अनुसार मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआव जा दिया जा रहा है जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को ढाई ढाई लाख रूपये और मामूली रूप से घायल लोगों को एक एक लाख का मुआवजा दिया जा रहा है। हालांकि प्रवक्ता ने हताहतों की संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इस बारे में पूछने पर कहा कि पूरी घटना की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। रात में मीडिया रिपोर्टों में इस दुर्घटना में लोगों की मौत होने की बात कही गई जिनकी संख्या अलग अलग बताई गई। रविवार सुबह तक कई मीडिया रिपोर्टो र्में मृतकों संख्या 21 तक बतायी गयी है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं बताया गया। हालांकि रेलवे बोर्ड ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिये हैं।
एलएनजेपी अस्पताल जाकर घायलों से मिले सचदेवा
भाजपा की दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में नयी दिल्ली रेलवे जंक्शन पर हुए हादसे में घायल लोगों से मिले और उनसे बातचीत की। श्री सचदेवा शनिवार को देर रात नयी दिल्ली रेलवे जंक्शन भी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय स्वास्थ मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने डाक्टरों और अधिकारियों से बात की है और उन्होंने घायलों का उचित इलाज करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया की जहां दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव ने कुछ अलग- अलग अस्पतालों में चिकित्सा दल की ड्यूटी लगा दी है, वहीं रेलवे ने प्रयागराज के लिए तीन विशेष ट्रेन शुरू की है।
यह घटना रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है… नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ पर बोले राहुल गांधी
कांग्रेस ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में हुई मौतों के बारे में सरकार पर रविवार को सच्चाई छिपाने का आरोप लगाया और कहा कि इससे एक बार फिर रेलवे की ‘‘विफलता’’ और सरकार की ‘‘असंवेदनशीलता’’ उजागर हुई है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार मौतों के बारे में ‘‘सच्चाई छिपाने’’ का प्रयास कर रही है और यह बेहद शर्मनाक एवं निंदनीय है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि महाकुंभ के लिए प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए थी।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह घटना एक बार फिर रेलवे की विफलता और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है। प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सरकार और प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कुप्रबंधन और लापरवाही के कारण किसी को जान न गंवानी पड़े।’’ राहुल गांधी ने कहा कि भगदड़ में कई लोगों के जान गंवाने और घायल होने की खबर बेहद दुखद एवं परेशान करने वाली है। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि भगदड़ की घटना स्तब्ध कर देने वाली और अत्यंत दुखद है। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘जो दृश्य सामने आए हैं वे डरावने हैं और एक बड़ी आपदा की ओर इशारा करते हैं। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ वेणुगोपाल ने आरोप लगाया, ‘‘केंद्र सरकार की प्रत्यक्ष निगरानी में राष्ट्रीय राजधानी में इस तरह की आपदा यह दर्शाती है कि सरकार पूरी तरह अक्षम है और केवल जनसंपर्क करने में सक्षम है, वास्तविक प्रबंधन में नहीं।’’
बदइंतजामी के कारण भगदड़ में हुई कई लोगों की मौत: संजय सिंह
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर बदइंतज़ामी के कारण भगदड़ में कई लोगों की मौत हो गई। संजय सिंह ने ‘एक्स’ पर कहा ‘क्या हमारी ज़िंदगी की कोई अहमियत नही , दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर बदइंतज़ामी के कारण भगदड़ में कई लोगों की मौत हो गई। इन मौतों के लिए कोई तो ज़िम्मेदार होगा।’ उन्होंने कहा ‘महाकुंभ में मरिये तो कहा जाता है ‘मोक्ष मिल गया। अब सरकार कहेगी ‘किसने कहा था स्टेशन आने को’ इंसान बचे या मरे सरकार की छवि बची रहनी चाहिए।’
फुटओवर ब्रिज की सीढ़ी से एक यात्री का गिरना बना 18 लोगों की मौत का कारण! भगदड़ पर रेलवे ने दिया बयान
राष्ट्रीय राजधानी के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कल रात दुर्घटना का कारण फुटओवर ब्रिज की प्लेटफॉर्म नंबर 14 एवं 15 को उतरने वाली सीढ़ी पर एक यात्री का असावधानी वश फिसलना और उसके पीछे कई यात्रियों का चपेट में आना था। दुर्घटना की वजह के बारे में पूछे जाने पर प्रवक्ता ने कहा कि जिस समय एक दुखद घटना घटित हुई उस समय नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर पटना की ओर जाने वाली मगध एक्सप्रेस और प्लेटफॉर्म नंबर 15 पर जम्मू की तरफ जाने वाली उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी थी। इस दौरान फुटओवर ब्रिज से 14 नंबर और 15 नंबर प्लेटफॉर्म की तरफ आने वाली सीढ़ियों पर एक यात्री के फिसल कर गिरने से उनके पीछे के कई यात्री इसकी चपेट में आ गए और यह दुखद घटना घटित हुई। इस हादसे की उच्च स्तरीय कमेटी द्वारा जांच की जा रही है। हालांकि रेलवे के प्रवक्ता ने हताहतों की संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।


