धुरंधर की रिलीज से पहले ‘कांतारा’ विवाद में फंसे रणवीर सिंह, ‘देवी’ को भूत कहने पर हुई एफआईआर

बॉलीवुड मनोरंजन

एजेंसी, मुंबई। रणवीर सिंह अब एक नए विवाद में घिर चुके हैं और ये विवाद उनकी फिल्म ‘धुरंधर’ से नहीं बल्कि ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांताराः चैप्टर 1’ से जुड़ा है। पिछले दिनों ही आईएफएफआई इवेंट से रणवीर सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें रणवीर ‘कांताराः चैप्टर 1’ के उस सीन की नकल करते दिखे, जिसमें दैव्य ऋषभ शेट्टी के किरदार के अंदर आ जाते हैं। इस सीन की नकल करते-करते रणवीर ने दैव्य को ‘फीमेल घोस्ट’ कह दिया, जिसे लेकर अब उनके सिर पर एक नई मुसीबत आ गई है। अपना वीडियो वायरल होने और लोगों का गुस्सा देखने के बाद रणवीर सिंह ने माफी भी मांगी थी, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी अब बात एफआईआर तक पहुंच गई है। जी हैं, कांतारा विवाद के चलते रणवीर सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है।

रणवीर के खिलाफ दर्ज हुई शिकायत
रणवीर सिंह का 28 नवंबर को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में कांतार चैप्टर 1 और इस फिल्म में ऋषभ शेट्टी के अभिनय की तारीफ करते दिखे। इसी दौरान रणवीर ऋषभ के दैव्य वाले सीन की नकल शुरू कर देते हैं और दैव्य को फीमेल घोस्ट कह देते हैं। इस दौरान ऋषभ इशारों में उन्हें ऐसा करने से मना करते भी दिखे। जैसे ही ये वीडियो सामने आया, बवाल मच गया और अब रणवीर के खिलाफ इस मामले पर एफआईआर भी दर्ज हो गई और एक्टर एक नए कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। अभिनेता के खिलाफ बेंगलुरु के एक पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।

रणवीर ने की थी ऋषभ शेट्टी के एक्ट की नकल
पिछले दिनों इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में पहुंचे रणवीर सिंह ने कांतारा: चैप्टर 1 और ऋषभ शेट्टी की तारीफों के पुल बांधना शुरू कर दिया और इसी चक्कर में उनसे गड़बड़ भी हो गई। फिल्म के बारे में बात करते हुए रणवीर बोले- ‘मैंने ये फिल्म देखी है और आपकी परफॉर्मेंस शानदार थी ऋषभ। खासतौर पर जब फीमेल घोस्ट आपके अंदर समा जाती है।’ इसके बाद वह उस सीन की नकल करते हैं।

रणवीर ने मांगी थी माफी
इस वीडियो पर लोगों का गुस्सा देखने के बाद रणवीर सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर किया और माफी मांगी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि उनका इरादा सिर्फ और सिर्फ ऋषभ शेट्टी की बेहतरीन परफॉर्मेंस को हाईलाइट करना था। लेकिन, अगर किसी को इससे ठेस पहुंची है तो मैं माफी मांगता हूं। लेकिन, अब लगता है कि रणवीर का ये माफीनामा पब्लिक ने कबूल नहीं किया है, तभी तो बात पुलिस तक पहुंच चुकी है।

Leave a Reply