दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है भारत, ट्रंप के ‘डेड इकोनॉमी’ वाले बयान पर पीएम मोदी का पलटवार

उत्तर प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से बिना नाम लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। ट्रंप ने टैरिफ का ऐलान करते हुए भारत की अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ बताया था। विश्व की अस्थिर अर्थव्यवस्था के प्रति चिंता जताते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि हमारे किसान, हमारे लघु उदयोग, हमारे नौजवानों के रोजगार, इनका हित हमारे लिये सबसे ऊपर है। उन्होंने आगे कहा, ”इसलिए अब हम उन वस्तुओं को खरीदेंगे, जिसे बनाने में किसी न किसी भारतीय का पसीना बहा है।” प्रधानमंत्री ने करीब 53 मिनट के अपने भाषण के अंतिम छह मिनट में भारत की अर्थव्यवस्था और स्वदेशी का उल्लेख किया। मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ”आज जब हम आर्थिक प्रगति की बात कर रहे है, तो मैं आपका ध्यान वैश्विक हालात पर ले जाना चाहता हूं। आज दुनिया की अर्थव्यवस्था कई आशंकाओं से गुजर रही हैं। अस्थिरता का माहौल है। ऐसे में दुनिया के देश अपने-अपने हितों पर ध्यान दे रहे है।” पीएम मोदी ने कहा, ”भारत भी दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। इसलिये भारत को भी अपने आर्थिक हितों को लेकर सजग रहना ही है।

हमारे किसान, हमारे लघु उदयोग, हमारे नौजवानों के रोजगार, इनका हित हमारे लिए सर्वोपरि हैं। सरकार इस दिशा में हर प्रयास कर रही है। लेकिन देश के नागरिक के रूप में भी हमारे कुछ दायित्व है। यह बात सिर्फ मोदी नहीं, हिंदुस्तान के हर व्यक्ति को दिन में हर पल बोलते रहना चाहियें।” उन्होंने कहा, ”कोई भी राजनीतिक दल हो, कोईै भी राजनेता हो, उसे अपने संकोच को छोड़कर के देशहित में देशवासियों के अंदर स्वदेशी के संकल्प का भाव जगाना होगा।” प्रधानमंत्री ने कहा, ”हम उन वस्तुओं को खरीदेंगे, जिसे बनाने में किसी न किसी भारतीय का पसीना बहा है। वह वस्तु भारत के लोगों ने बनाई है, भारत के लोगों के कौशल से बनी है। भारत के लोगों के पसीने से बनी है। हमें ‘वोकल फार लोकल’ मंत्र को अपनाना होगा।” पीएम मोदी ने कहा, ”हमारे घर में जो भी नया सामान आयेगा, वह स्वदेशी ही होगा। यह जिम्मेदारी हर देशवासी को लेनी होगी।” उन्होंने व्यापारियों से स्वदेशी माल ही बेचने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, ”स्वदेशी माल बेचने का संकल्प भी देश की सच्ची सेवा है। त्योहारों के महीने आने वाले हैं। उसके बाद शादियों का सीजन है। इस दौरान स्वदेशी वस्तुओं को ही खरीदना चाहिए।”

प्रधानमंत्री मोदी ने साधा सपा और कांग्रेस पर निशाना, कहा- विपक्ष को पाकिस्तान का दुख सहन नहीं होता

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का श्रेय सैन्य बलों के साथ देश की एकता के जज्बे को देते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आतंकियों और उनके रहनुमा का सामना करते समय भारत शिव के रुद्र रूप में सामने आता है। अपने संसदीय क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी ने यहां लगभग 2183.45 करोड़ की 52 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर सेवापुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि जो भारत पर संप्रभुता पर वार करेगा, वह कहीं नहीं बचेगा। उन्होंने कहा “ऑपरेशन सिंदूर से कुछ लोगों को तकलीफ हुई। कांग्रेस और उनके सहयोगियों को यह दुख दे रहा है। आपने देखा होगा कि आतंक के ठिकानों को खंडहर बना दिया गया। पाकिस्तान का दुख कांग्रेस और सपा को सहन नहीं होता। वे आतंकियों के लिए आंसू बहाते हैं। ऑपरेशन सिंदूर को इन्होंने तमाशा कहा, लेकिन क्या सिंदूर कभी तमाशा हो सकता है। सपा और कांग्रेस की निर्लज्जता एक जैसी है। उनके नेता संसद में कहते हैं कि आतंकियों को मारने की बजाय भागने का मौका देना चाहिए। यही लोग आतंकियों को क्लीन चिट देते थे। यह नया भारत है, जो दुश्मनों के सामने काल भैरव बन जाता है। सेना के पराक्रम को पूरी दुनिया ने देखा। आत्मनिर्भर भारत की ताकत भी सभी ने जानी।

पाकिस्तान में ब्रह्मोस मिसाइल की गूंज से नींद उड़ जाती है।” पीएम मोदी ने कहा कि दस करोड़ किसान भाइयों के खातों में 21,000 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए गए। जब काशी से यह राशि भेजी जाती है, तो यह प्रसाद बन जाता है। दो हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ। विकास की धारा मां गंगा की अविरल धारा के साथ आगे बढ़ रही है। काशी में सांसद गाइड प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लोग कौशल विकास से जुड़े। कई अन्य आयोजन भी होने वाले हैं। उन्होने कहा “ मैं सरकार के सभी लोगों और अधिकारियों को बधाई देता हूं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वालों को शुभकामनाएं। हमारी सरकार किसानों के लिए समर्पित है। पिछली सरकारें घोषणाएं तो करती थीं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती थीं। भाजपा सरकार जो कहती है, वह करती है। पीएम मोदी ने कहा “ जब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि शुरू हुई, तो सपा और विपक्षी दल अफवाहें फैलाते थे कि जमा पैसा मोदी निकाल लेगा। ये लोग झूठ बोलते हैं। इस योजना के तहत अब तक साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक किसानों के खातों में जमा किए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश के ढाई करोड़ किसानों को 90,000 करोड़ रुपये और काशी के किसानों को 900 करोड़ रुपये मिले। आपने ऐसा सांसद चुना, जिसके कारण यह राशि बिना किसी कमीशन या हेराफेरी के सीधे खातों में पहुंची। व्यवस्था में कोई रिसाव नहीं है। विकास का मंत्र है। जो जितना पिछड़ा, उसे उतनी प्राथमिकता।”

उन्होंने कहा कि कम कृषि उत्पादन वाले क्षेत्रों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। एनडीए सरकार किसानों के जीवन में बदलाव के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है। मौसम की चुनौतियों से निपटने के लिए पीएम फसल बीमा योजना शुरू की गई, जिसके तहत डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक का क्लेम दिया जा चुका है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिले। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि की गई है। देशभर में हजारों नए गोदाम बनाए जा रहे हैं। कृषि अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर है। प्रधानमंत्री ने कहा “ तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है, जिसमें से एक करोड़ से अधिक बन चुकी हैं। सपा वाले यह आंकड़ा सुनकर साइकिल लेकर भाग जाएंगे। आधुनिक कृषि अनुसंधान को खेतों तक पहुंचाने का प्रयास जारी है। कृषि हालांकि राज्य का विषय है, लेकिन केंद्र सरकार ने भी इस दिशा में कदम उठाए हैं। 55 करोड़ लोगों के जन धन खाते खोले गए। दस साल बाद इन खातों का केवाईसी कराना जरूरी है। मैंने इस जिम्मेदारी को उठाया और बैंकों को निर्देश दिया कि 1 जुलाई से ग्राम पंचायतों तक अभियान चलाकर लोगों के केवाईसी पूरे करें। जिनके जन धन खाते हैं, वे केवाईसी करा लें और इस कैंप का लाभ उठाएं। कई योजनाओं का पंजीकरण भी हो रहा है। बीमा का खर्च चाय के खर्च से भी कम है। इन योजनाओं से अवश्य जुड़ें। भाजपा और एनडीए के प्रतिनिधि इस अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करें।”

प्रधानमंत्री मोदी का 51वां काशी दौरा, 2200 करोड़ की 52 योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी पहुंच गए हैं। पीएम का यहां पर भव्य स्वागत किया गया हैं। पीएम मोदी का  स्वागत राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने किया। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी शनिवार को वाराणसी पहुंचकर उत्तर प्रदेश में लगभग 2200 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, शहरी विकास और सांस्कृतिक विरासत समेत कई क्षेत्रों से जुड़ी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने किसान कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पीएम-किसान योजना की 20वीं किस्त जारी की। देश भर के 9.7 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में सीधे 20,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई। इस धनराशि के जारी होने के साथ योजना के तहत अब तक कुल 3.90 लाख करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि वितरित की जा चुकी है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और कहा कि यह प्रधानमंत्री का वाराणसी का 51वां दौरा है।

MUSKAN DIXIT (14)

MUSKAN DIXIT (15)

पीएम ने दी ये सौगात
-दिव्यांगजनों और वृद्धों को बाटेंगे को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण
-देश के अन्नदाताओ को जारी की पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त, जिसमे पूरे देश के 9.70 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के खाते में 20,500 करोड़ रुपये की धनराशि होगी हस्तांतरित। 
-सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के बनौली (कालिका धाम) गांव में  पीएम मोदी की बड़ी जनसभा प्रस्तावित है। भाजपा का दावा है की जनसभा में 50 हज़ार से अधिक लोग प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को सुनने के लिए पहुंचेंगे। 
-पीएम मोदी 565.35 करोड़ की 14 परियोजनाओं करेंगे का किया लोकार्पण, जिसमें वाराणसी-भदोही मार्ग का 4 लेन चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन के पास मोहनसराय-अदलपुरा रोड पर 02 लेन आरओबी 10ए का निर्माण,36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर में 300 व्यक्तियों की क्षमता वाले बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण, सीएसआर के अंतर्गत 08 कच्चे घाटों का पुनर्विकास, सेवापुरी स्थित कालिका धाम मंदिर का पर्यटन विकास, डॉ. भीमराव अंबेडकर खेल स्टेडियम, लालपुर में सिंथेटिक हॉकी मैदान का पुनर्निर्माण, तिलमापुर, शिवपुर में रंगीलादास कुटिया के पास तालाब का सौंदर्यीकरण और घाट का निर्माण,वाराणसी में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर एवं डॉग केयर सेंटर का निर्माण आदि शामिल हैं।

पहलगाम के अपराधियों को ‘मिट्टी में मिलाने’ और दुश्मन के घर में घुसकर खात्मा करने का माद्दा रखता है नया भारत- मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत की शक्ति व सामर्थ्य का अहसास किया है। नया भारत पहलगाम के अपराधियों को मिट्टी में मिलाकर और दुश्मन के घर में घुसकर उसका खात्मा करने का माद्दा रखता है। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं। पिछले 11 वर्ष में चार दर्जन से अधिक देशों ने उन्हें अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान समर्पित किया है। लोककल्याण और विश्वकल्याण के लिए दुनिया उनकी दूरदर्शिता का लोहा मानती है। जुलाई में घाना, त्रिनिदाद-टोबैगो, नामीबिया, ब्राजील ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रधानमंत्री जी को समर्पित करके 140 करोड़ भारतवासियों का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में ग्रामसभा-बनौली (कालिका धाम), सेवापुरी में आयोजित लोकार्पण/शिलान्यास समारोह को संबोधित किया। सीएम ने ऑपरेशन सिंदूर के उपरांत पावन श्रावण मास में देवाधिदेव महादेव के धाम और अपने संसदीय क्षेत्र काशी में आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत-अभिनंदन किया।

यह पहली बार हो रहा होगा, जब कोई प्रधानमंत्री अपने क्षेत्र में 51वीं बार हुए उपस्थित
सीएम योगी ने कहा कि सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री संसद में इस अविनाशी काशी का प्रतिनिधित्व करते हैं। प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि काशी की आत्मा सनातन और आत्मीयता वैश्विक है। काशी 11 वर्ष में नूतन व पुरातन के साथ आध्यात्मिकता व आधुनिकता के नए संगम के रूप में दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बनी है। यह पहली बार हो रहा होगा, जब कोई प्रधानमंत्री अपने क्षेत्र में 51वीं बार उपस्थित हुए होंगे।

वाराणसी के लिए स्वीकृत हुईं 51 हजार करोड़ की परियोजनाएं
सीएम योगी ने बताया कि इन वर्षों में वाराणसी के लिए 51 हजार करोड़ की परियोजनाएं स्वीकृत हुईं। इनमें से 34 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण पीएम के करकमलों से हो गया है, जो समग्र विकास की नई अवधारणा के साथ काशी को पहचान दिला रहे हैं। 16 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं प्रगति के अलग-अलग चरणों में हैं। इस बार भी प्रधानमंत्री 2200 करोड़ की परियोजनाओं का उपहार अपनी काशी को दे रहे हैं। यह परियोजनाएं कनेक्टिविटी, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल प्रतिस्पर्धा-गतिविधि, सांस्कृतिक पुनरोत्थान के लिए है।

दिव्यांगजनों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्राप्त हो रहा अवसर
सीएम योगी ने कहा कि सक्षम भारत की कल्पना को साकार करने में दिव्यांगजनों का भी बड़ा योगदान है। दिव्यांग प्रधानमंत्री जी द्वारा दिया गया शब्द है। इस आत्मीयता के माध्यम से दिव्यांगजनों के जीवन में आशा और उत्साह का संचार होने के साथ ही उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है। पीएम के कर कमलों से यहां हजारों दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण का भी कार्यक्रम किया जा रहा है।

आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए योगदान दे रहे अन्नदाता किसान
मुख्यमंत्री ने दर्द बयां करते हुए कहा कि 11 वर्ष पहले अन्नदाता किसानों की क्या स्थिति थी। किसान खेती से पलायन करते थे, आत्महत्या के लिए मजबूर होते थे, लोगों के मन में व्यवस्था के प्रति खिन्नता थी परंतु 11 वर्ष में स्वायल हेल्थ कार्ड से लेकर प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, बीज को बाजार तक पहुंचाने की व्यवस्था आदि के साथ ही जो ईकोसिस्टम बनाया गया है, उसका परिणाम है कि यूपी के भी करोड़ों किसान इन योजनाओं से जु़ड़कर आत्मनिर्भर व विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए अपना योगदान देने को तैयार हैं। देश के लगभग 10 करोड़ किसानों को यह सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री ने काशी को चुना है। प्रदेश के 2.30 करोड़ और काशी के 2.21 लाख परिवार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त प्राप्त कर रहे हैं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सुरेश खन्ना, अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply