दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने श्रमिकों को दिया तोहफा, त्योहारों से पहले बढ़ाया न्यूनतम वेतन

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली| दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बुधवार को असंगठित क्षेत्र के अकुशल श्रमिकों के लिए 18,066 रुपये, अर्ध-कुशल के लिए 19,929 रुपये और कुशल श्रमिकों के लिए 21,917 रुपये न्यूनतम वेतन की घोषणा की। दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर प्रभार संभालने के बाद अपनी पहली प्रेसवार्ता में आतिशी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी सरकार ने शहर में मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन लागू किया है, जो देश में सबसे अधिक है। उन्होंने भाजपा पर गरीब विरोधी होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि भाजपा द्वारा शासित राज्यों में न्यूनतम वेतन दिल्ली में दिये जा रहे वेतन का आधा है।

आतिशी ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने न केवल अदालत के माध्यम से न्यूनतम वेतन लागू किया। बल्कि भाजपा द्वारा खड़ी की गईं बाधाओं के बावजूद हर साल दो बार इसमें संशोधन भी सुनिश्चित किया। श्रमिकों को इस तोहफे के साथ ही दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार हरियाणा चुनाव के बाद महिलाओं को एक हजार रुपये देने की अपनी महत्वाकांक्षी योजना लागू कर सकती है। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि जेल से बाहर आने के बाद महिलाओं को एक हजार रुपये दिए जाएंगे।

Leave a Reply