तुर्किये

तुर्किये के स्कूल में 13 साल के छात्र ने बरसाईं गोलियां : शिक्षक समेत 9 की मौत, हमलावर ने खुद को भी किया खत्म

अंतर्राष्ट्रीय तुर्किये देश/प्रदेश

एजेंसी, अंकारा। तुर्किये शूटिंग : तुर्किये से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक मिडिल स्कूल में महज 13 साल के छात्र ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस खूनी खेल में एक शिक्षक और 9 छात्रों की जान चली गई है, जबकि 13 अन्य लोग घायल हुए हैं। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले इस छात्र ने वारदूत के बाद खुद को भी गोली मार ली। तुर्किये में पिछले दो दिनों के भीतर स्कूल में गोलीबारी की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे पूरे देश में दहशत का माहौल है।

क्लासरूम में घुसकर की अंधाधुंध फायरिंग

गवर्नर मुकेर्रम उनलुएर ने बताया कि हमलावर छात्र अपने स्कूल बैग में पांच हथियार और सात मैगजीन भरकर लाया था। वह सीधा पांचवीं कक्षा के कमरों में दाखिल हुआ और वहां मौजूद छोटे बच्चों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार उसके पिता के हो सकते हैं, जो पूर्व पुलिस अधिकारी हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में छात्र अपनी जान बचाने के लिए स्कूल की दूसरी मंजिल से कूदते हुए नजर आ रहे हैं। फिलहाल 6 घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

लगातार दूसरे दिन दहला तुर्किये का स्कूल

इससे ठीक एक दिन पहले मंगलवार को भी सनलिउरफा प्रांत के एक वोकेशनल हाई स्कूल में गोलीबारी हुई थी। वहां एक 18 साल के पूर्व छात्र ने शॉटगन से हमला किया था, जिसमें छात्र, शिक्षक और पुलिस अधिकारी समेत 16 लोग घायल हो गए थे। उस हमले के आरोपी ने भी पुलिस घेराबंदी के दौरान खुद को गोली मार ली थी। तुर्किये जैसे देश में जहाँ स्कूल शूटिंग की घटनाएं न के बराबर होती हैं, वहां लगातार दो दिनों में हुए इन हमलों ने सुरक्षा व्यवस्था और हथियारों तक बच्चों की पहुंच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंसा का समर्थन करने वालों पर पुलिस का शिकंजा

स्कूलों में हुई इन दुखद घटनाओं के बाद तुर्किये सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर इन हत्याओं का समर्थन करने और खुशी मनाने वाले 162 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने अपनी पोस्ट के जरिए अपराध को बढ़ावा दिया और समाज में नफरत फैलाने की कोशिश की। न्याय मंत्री अकीन गुरलेक ने कहा है कि दोनों मामलों की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

ये भी पढ़े : सबरीमाला विवाद : सुप्रीम कोर्ट ने कहा आस्था को गलत बताना मुश्किल, मंदिर बोर्ड ने महिलाओं के प्रवेश का किया कड़ा विरोध

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply