एजेंसी, नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज के लिए बीसीसीआई ने बुधवार को 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया दौरे वाली टी20 टीम से 2 खिलाड़ियों को बाहर किया गया है। इसमें से एक नाम नितीश कुमार रेड्डी का है, जिनकी जगह साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए हार्दिक पंड्या को शामिल किया गया है तो दूसरा नाम हैरान करने वाला है। रिंकू सिंह को इस सीरीज से ड्रॉप कर दिया गया है। टी20 वर्ल्डकप 2026 से पहले माना जा रहा है कि ये सीरीज टीम इंडिया के बेस्ट 11 को आजमाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में जिन खिलाड़ियों को मौका मिला है, उनके लिए वर्ल्डकप के दरवाजे लगभग खुल हुए हैं और जो बाहर हैं, उन्हें अगले साल आयोजित होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट की टीम से बाहर होना पड़ सकता है। फिलहाल शुभमन गिल की वापसी हो गई है, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में चोटिल हो गए थे।
टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जीतेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा और वॉशिंगटन सुंदर। टीम की कमान सूर्यकुमार यादव संभालेंगे तो शुभमन गिल उपकप्तान होंगे। बता दें कि अगले साल फरवरी में भारत और श्रीलंका मिलकर आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 की मेजबानी करेंगे। टीम इंडिया डिफेंडिंग चैंपियन हैं और इस बार सूर्या की कप्तानी में खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट के लिए भारतीय खिलाड़ी तो तैयार हैं, लेकिन बीसीसीआई को यह तय करना है कि वो किन खिलाड़ियों को इस खिताब को डिफेंड करने की जिम्मेदारी देगा।


