एजेंसी, हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के चुरचू प्रखंड और आसपास के मांडू विधानसभा क्षेत्रों में जंगली हाथियों का कहर जारी है। बीती रात यहां जंगली हाथियों ने 6 लोगों की जान ले ली, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से एक हाथियों का झुंड लगातार जानमाल का नुकसान कर रहा है। स्थानीय लोग लगातार प्रशासन से इस हाथियों से छुटकारा दिलाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है।
ये भी पढ़े : बॉम्बे हाईकोर्ट ने भगोड़े कारोबारी विजय माल्या कि याचिका पर सुनवाई से किया इनकार, कहा- तब तक विचार नहीं करेगा, जब तक वह भारत वापस नहीं लौट….
18 हाथियों का झुंड मचा रहा कहर
चुरचू प्रखंड के स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों में हाथियों ने अलग-अलग घटनाओं में कई ग्रामीणों को कुचलकर मार डाला है। ताजा घटना बीती रात की है, जहां एक ही गांव के 6 लोगों की हत्या हाथियों ने कर दी। लोगों ने बताया कि 18 से ज्यादा हाथियों का एक झुंड पिछले कुछ समय से यहां सक्रिय है, जो लगातार घर और फसलें नष्ट कर रहा हैं। ये हाथियों का झुंड जहां से गुजरता है, वहां रास्ते में आने वाले फसलों, घरों और लोगों को रौंदता हुआ निकल जाता है।
कब मिलेगा हाथियों के आतंक से छुटकारा ?
हजारीबाग जिले के चुरचू प्रखंड क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से हाथियों के आतंक से बचाव का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। हर साल सैकड़ों लोग हाथियों के आतंक से प्रभावित हो रहे हैं। कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। वन विभाग और प्रशासन के अथक प्रयास के बावजूद जान-माल का नुकसान थम नहीं रहा है। हाथियों के हमले से ग्रामीणों को घर, फसल और भंडारित अनाज के रूप में नुकसान उठाना पड़ रहा है।


