जेईई एडवांस्ड 2025 का रिजल्ट जारी : आईआईटी दिल्ली जोन के रजित गुप्ता ने किया टॉप

उत्तर प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, लखनऊ। इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। जेईई एडवांस्ड 2025 का परिणाम आज आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार जेईईएडीवी.एसी.आईएन वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं। इसके साथ ही, फाइनल आंसर की भी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “18 मई को आयोजित जेईई (एडवांस्ड) में पेपर एक और दो दोनों में कुल 1,80,422 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा में 54,378 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं।” उन्होंने कहा, “कुल उत्तीर्ण अभ्यर्थियों में से 9404 छात्राएं हैं।” आईआईटी दिल्ली जोन के रजित गुप्ता कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में शीर्ष स्थान पर हैं। उन्हें 360 में से 332 अंक मिले हैं। जेईई एडवांस्ड 2025 में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल करने वाले रजित गुप्ता ने कहा, ” बहुत अच्छा रहा। हमारे कोचिंग संस्थान और मेरे माता-पिता ने हमारी बहुत मदद की। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की।” आईआईटी खड़गपुर जोन की देवदत्ता माझी शीर्ष रैंक हासिल करने वाली महिला अभ्यार्थी हैं। उन्होंने 360 में से 312 अंक तथा सीआरएल में 16वां स्थान प्राप्त किया।

18 मई को हुई थी परीक्षा

जेईई एडवांस्ड 2025 का आयोजन 18 मई को देशभर के 224 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में किया गया। खास बात यह रही कि भारत के अलावा काठमांडू और दुबई जैसे विदेशी केंद्रों पर भी परीक्षा हुई। इस बार परीक्षा का संचालन आईआईटी कानपुर ने किया। इस वर्ष जेईई एडवांस्ड 2025 परीक्षा के लिए 1.90 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा दो पेपरों में आयोजित हुई थी—पेपर-1 और पेपर-2, दोनों 180-180 अंकों के थे, यानी कुल 360 अंकों की परीक्षा थी।

जोसा काउंसलिंग 3 जून से शुरू

परिणाम घोषित होने के बाद अब जोसा काउंसलिंग 2025 की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके माध्यम से देश के 23 आईआईटी , 32 एनआईटी, 26 आईआईआईटी और 47 जीएफटीआई संस्थानों में दाखिला होगा। काउंसलिंग पूरी तरह ऑनलाइन होगी और 3 जून से 28 जुलाई 2025 तक चलेगी। काउंसलिंग के लिए छात्रों को 3 जून से 12 जून शाम 5 बजे तक जोसा की वेबसाइट पर पंजीकरण करना होगा और अपनी पसंद के कॉलेज व ब्रांच का चयन करना होगा। पहले राउंड की सीट आवंटन सूची 14 जून को जारी होगी। जिन छात्रों को सीट मिलेगी, उन्हें 19 जून तक ऑनलाइन रिपोर्टिंग कर सीट स्वीकृति शुल्क जमा करना होगा।

इसके बाद हर सप्ताह नया राउंड होगा:

दूसरा राउंड: 21 जून
तीसरा राउंड: 28 जून
चौथा राउंड: 4 जुलाई
पांचवां राउंड: 10 जुलाई
छठा और अंतिम राउंड: 16 जुलाई

बेटियों के लिए 20% आरक्षण

इस साल एक विशेष पहल के तहत आईआईटी और एनआईटी में लड़कियों के लिए 20% अतिरिक्त सीटें आरक्षित की गई हैं, ताकि बेटियों को शीर्ष इंजीनियरिंग संस्थानों में अधिक अवसर मिल सकें। अच्छी बात यह है कि इन सीटों के लिए सामान्य या अन्य आरक्षित सीटों में कोई कटौती नहीं की गई है।

रिजल्ट देखने का तरीका

1- आधिकारिक वेबसाइट जेईईएडीवी.एसी.आईएन पर जाएं।
2-‘जेईई एडवांस्ड परिणाम 2025’ लिंक पर क्लिक करें।
3- अपना रोल नंबर, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
4- सबमिट करने पर रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
5- स्कोरकार्ड डाउनलोड करें और भविष्य के लिए सुरक्षित रखें।

Leave a Reply