जय शाह बने आईसीसी चेयरमैन, निर्विरोध चुने गए, 1 दिसंबर को संभालेंगे कुर्सी

क्रिकेट खेल नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली| भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सचिव जय शाह को बड़ी जिम्मेदारी मिल गई है। वह क्रिकेट की शीर्ष संस्था इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल में चेयरमैन बन गए हैं। मंगलवार को उन्हें स्वतंत्र अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया। वह 1 दिसंबर 2024 को पद ग्रहण करेंगे। जय शाह की नियुक्ति के बारे में आईसीसी ने आधिकारिक घोषणा कर दी है। जय शाह के आईसीसी चेयरमैन बनने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का दबदबा बढ़ेगा। उनका कार्यकाल सितंबर 2025 तक होगा।

ग्रेग बार्कले छोड़ेंगे पद
जय शाह वर्तमान आईसीसी अध्यक्ष ग्रेग बार्कले के बाद पद संभालेंगे। बार्कले ने 20 अगस्त को ये घोषणा की थी कि वह तीसरे कार्यकाल के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा था कि वह नवंबर में खत्म होने जा रहे अपने कार्यकाल के बाद आईसीसी चेयरमैन का पद छोड़ देंगे।

तय माना जा रहा था आईसीसी चेयरमैन बनना
जय शाह का आईसीसी चेयरमैन बनना तय माना जा रहा था क्योंकि ज्यादातर सदस्य उनके पक्ष में थे। उनके नामांकन भरते ही ये तय हो गया था कि जय शाह ही आईसीसी चीफ होंगे। आपको बता दें कि आईसीसी चेयरमैन पद के लिए कुल 16 सदस्य मतदान करते हैं। चुनाव जीतने के लिए शाह को 9 वोट की जरूरत थी। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड्स ने उनका पहले ही खुलकर समर्थन कर दिया था।

रोहन जेटली बन सकते हैं बीसीसीआई सचिव
जय शाह के आईसीसी चेयरमैन बनने के बाद बीसीसीआई सचिव का पद खाली हो जाएगा। उन्हें इस पद से इस्तीफा देना होगा। इस पद के लिए दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट रोहन जेटली का नाम चर्चा में है। रोहन दिवंगत भाजपा नेता अरुण जेटली के बेटे हैं। हालांकि रोहन ने इन अटकलों से इनकार किया है।

जय शाह ने रचा इतिहास
जय शाह ने इसी के साथ इतिहास रचा है। वह 35 साल की उम्र में आईसीसी का नेतृत्व करने वाले सबसे युवा चेयरमैन बन गए हैं। साथ ही वह आईसीसी का नेतृत्व करने वाले पांचवें भारतीय भी बन गए हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन श्रीनिवासन और शशांक मनोहर आईसीसी चेयरमैन बन चुके हैं।

Leave a Reply