जनजातीय गौरव दिवस पीएम मोदी ने कहा- “हमारी शीर्ष प्राथमिकता आदिवासी लोगों के लिए ‘पढ़ाई, कमाई और दवाई’

बिहार राष्ट्रीय राष्ट्रीय

बिहार के जमुई से पीएम मोदी ने 6,640 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

जमुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर बिहार के जमुई से 6,640 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मोदी बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित एक समारोह में भाग लेने के लिए जमुई आए हैं। बिरसा मुंडा एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्हें छोटानागपुर पठार के आदिवासी समुदाय के लोग प्रेमपूर्वक ‘‘भगवान’’ कहते हैं। मोदी ने राज्य की राजधानी से लगभग 200 किलोमीटर दूर जमुई जिले के एक सुदूर गांव में ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वर्ष 2021 से बिरसा मुंडा की जयंती को ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने मुंडा के सम्मान में एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट का अनावरण भी किया।

उन्होंने पीएम जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) के तहत आदिवासी परिवारों के लिए बनाए गए 11,000 घरों के ‘गृह प्रवेश’ में भी वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने जिन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, वे आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और आजीविका सृजन में सुधार पर केंद्रित हैं। उन्होंने दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा पहुंच बढ़ाने के लिए पीएम-जनमन के तहत 23 चल चिकित्सा इकाइयों (एमएमयू) और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ (डीएजेजीयूए) के तहत 30 अतिरिक्त एमएमयू की शुरुआत की। मोदी ने 10 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और 300 वन धन विकास केंद्रों का उद्घाटन किया, जिनका उद्देश्य उद्यमिता को बढ़ावा देना और आजीविका में सुधार करना है।

उन्होंने मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा और जबलपुर में दो आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालयों और श्रीनगर तथा गंगटोक में दो आदिवासी अनुसंधान संस्थानों का भी उद्घाटन किया, ताकि आदिवासी समुदायों के इतिहास का दस्तावेजीकरण और संरक्षण किया जा सके। प्रधानमंत्री का एक सप्ताह से भी कम समय में बिहार का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने बुधवार को राज्य के उत्तरी क्षेत्र के प्रमुख शहरों में से एक दरभंगा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की आधारशिला रखी थी। जमुई की सीमा झारखंड से लगती है, जहां विधानसभा चुनाव हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “आज बहुत ही पवित्र दिन है। आज कार्तिक पूर्णिमा है, देव दीपावली है और आज गुरु नानक देव जी का 555वां प्रकाश पर्व भी है। मैं सभी देशवासियों को इन पर्वों की बधाई देता हूं। आज का दिन हर देशवासी के लिए एक और वजह से ऐतिहासिक है। आज भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती है। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस है। मैं सभी देशवासियों को और खासतौर पर अपने आदिवासी भाई-बहनों को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई देता हूं।

आदिवासी लोगों के लिए ‘पढ़ाई, कमाई और दवाई’ को अपनी सरकार की शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार ने इस समुदाय के कल्याण के लिए अलग मंत्रालय बनाया तथा बजट 25,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1.25 लाख करोड़ रुपये किया। बिहार के जमुई में प्रधानमंत्री मोदी ने आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 6,640 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद कहा कि देश के आदिवासी समुदाय को पहले न्याय नहीं मिलता था। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अगर देश को आजादी एक परिवार की वजह से मिली तो बिरसा मुंडा ने ‘उलगुलान’ आंदोलन क्यों शुरू किया था ?

उन्होंने कहा ‘‘अनेक आदिवासी नेताओं ने स्वतंत्रता संघर्ष में अहम भूमिका निभाई थी।’’ मोदी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने कभी आदिवासी लोगों के कल्याण के लिए काम नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी शीर्ष प्राथमिकता आदिवासी लोगों के लिए ‘पढ़ाई, कमाई और दवाई’ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने आदिवासी कल्याण के लिए अलग मंत्रालय बनाया, तथा बजट 25,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1.25 लाख करोड़ रुपये किया। हमने अनेक प्रावधानों को सरल बनाया, आदिवासियों के फायदे के लिए 90 वन उत्पादों का न्यूनतम साझा मूल्य (एमएसपी) तय किया। ’’ मोदी ने कहा कि जनजातीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा कई कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी लोग खेलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा सरकार उनके लिए अनेक खेल सुविधाएं शुरू कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘हमें एकजुट होकर आदिवासियों की सांस्कृतिक विरासत बचानी होगी।’’

Leave a Reply