छात्रावास में 8 साल की मासूम से दुष्कर्म, जांच करने पहुंची पुलिस, करणी सेना ने स्कूल के सामने किया प्रदर्शन

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल। राजधानी स्थित मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के छात्रावास में आठ वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी आरोपित का पता नहीं चल पाया है। बच्ची की मां ने पुलिस को तीन आरोपितों के नाम बताए हैं।बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एसआईटी गठित कर जांच करने के निर्देश द‍िए हैं। बाल आयोग ने भोपाल पुलिस को नोटिस जारी किया है।

जांच करने के लिए पुलिस पहुंची : बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में जांच करने के लिए पुलिस घटनास्थल पर जांच करने के लिए पहुंची। बच्ची कहां रहती थी, किस स्थान पर खाना खाया गया था। जांच टीम के साथ में डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और दो थानों का पुलिस बल साथ है। पीड़िता और उनकी मां को भी लाया जा रहा है।

एसआइटी में ये शामिल : सीएम के निर्देश के बाद एसआइटी बनी है। एसआइटी में मिसरोद संभाग के एसीपी डा रजनीश कश्यप, मिसरोद टीआइ मनीष भदौरिया और एसआइ श्वेता शर्मा शामिल की गई है। एसआइटी ने अरेरा हिल्स थाने के एसआइ प्रकाश राजपूत की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। बच्ची की मां का आरोप है कि एसआइ ने उनको शिकायत करने से रोका था। प्रकाश राजपूत स्कूल संचालक का पहचान का है। डीसीपी श्रद्धा तिवारी ने बताया कि मामले में आरोपित अभी भी अज्ञात है, बच्ची का दोबारा से चिकित्सा परीक्षण कराया जा रहा है।

10 दिन पहले पढ़ने के लिए स्कूल में कराया था भर्ती : मिसरोद थाना पुलिस के मुताबिक, आठ वर्षीय बच्ची को उसकी मां ने करीब 10 दिन पहले पढ़ने के लिए स्कूल में भर्ती कराया था। स्कूल के छात्रावास में उसके रहने का इंतजाम किया गया था।
बच्‍ची को लेकर पुलिस थाने पहुंची मां : सोमवार रात बच्ची ने मां को घटना की जानकारी दी तो वह रात में ही बच्ची को लेकर थाने पहुंच गई और मामले की शिकायत की। इस पर पुलिस ने तत्काल महिला उपनिरीक्षक के साथ बच्ची को अस्पताल भेजा, लेकिन बच्ची की मां ने रात में चिकित्सा परीक्षण कराने से मना कर दिया।
चिकित्सा परीक्षण में घटना की पुष्टि हुई : मंगलवार को चिकित्सा परीक्षण में घटना की पुष्टि हुई। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित पर दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की पहचान के लिए बुधवार से स्कूल के संचालक समेत अन्य कर्मचारियों से पूछताछ करेगी।

Leave a Reply