चंडीगढ़। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही ने चंडीगढ़ नगर निगम महापौर चुनाव में ऑन कैमरा हुई धांधली उच्चतम न्यायालय में उजागर होने पर देशभर के मतदाताओं से आग्रह किया कि अब वे स्वयं अनुमान लगा लें कि देश में विभिन्न चुनावों में भाजपा कैसे जीत रही है। विद्रोही ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने चंडीगढ़ नगर निगम महापौर चुनाव का वीडियो देखने के बाद यह टिप्पणी की कि यह लोकतंत्र की हत्या और चुनाव के नाम पर क्रूर मजाक है। इस टिप्पणी ने मोदी-भाजपा-संघ का फासिस्ट चेहरा बेनकाब कर दिया है, जो भाजपा चंडीगढ़ जैसे शहर के नगर निगम महापौर चुनाव को जीतने सत्ता बल पर इस तरह की खुली बेशर्मी और धांधली कर सकती है, तब सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव जीतने के लिये मोदी-भाजपा-संघ किस कदर धांधली करते होंगे। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में खुली धांधली पर चुनाव आयोग को जो संज्ञान लेकर इस चुनाव को रद्द करना चाहिये था, वह संज्ञान न तो पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय ने लिया और न ही चंडीगढ़ चुनाव आयोग ने लिया। जब उच्चतम न्यायालय पूरा वीडियो देखकर कैसे खुली धांधली हुई, यह देख सकता है तो उच्च न्यायालय , चुनाव आयोग, चंडीगढ़ प्रशासक, मोदी-भाजपा सरकार और गृह मंत्रालय ने इस खुली धांधली पर आंखें क्यों मूंदी रखी।


