ग्वालियर में होमवर्क पूरा नहीं होने पर 8वीं के छात्र की पिटाई की, उपचार के दौरान मौत

ग्वालियर प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

ग्वालियर: ग्वालियर में फोर्ट व्यू स्कूल में पढ़ने वाला 8वीं के एक छात्र ने होमवर्क कंपलीट नहीं की थी। इससे नाराज शिक्षकों ने उस छात्र की इतनी पिटाई की कि उसकी मौत हो गई। शिक्षकों की पिटाई के बाद 12 साल का छात्र चार दिन से भर्ती था। रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत से नाराज परिजन ने स्कूल का घेराव कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर हंगामा शांत कराया। ग्वालियर शहर के बहोड़ापुर में रहने वाले कोकसिंह चौहान प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। उनके तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी, बेटा योगेश चौहान (14) और कृष्णा चौहान (12)। कोकसिंह ने बताया कि छोटा बेटा कृष्णा घर में सबसे ज्यादा हंसमुख था।

12 जुलाई को स्कूल से घर लौटते समय उसे काफी उल्टियां हुईं। उसका एक हाथ और पैर भी काम नहीं कर रहे थे। बड़ा बेटा योगेश इसी स्कूल में 9वीं में पढ़ता है। उसने बताया कि टीचर सोनू श्रीवास्तव और अकबर खान ने कृष्णा को डंडे से पीटा। फिर उमस भरी गर्मी में 30 मिनट तक मुर्गा बनाए रखा। छत से फेंकने की धमकी भी दी। स्कूल मैनेजमेंट के कहने पर हम बच्चे को प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। हालात ज्यादा खराब हुई तो जयारोग्य अस्पताल लेकर पहुंचे। ट्रॉमा सेंटर में बेटे ने बेहोशी की हालत में दम तोड़ दिया। कोकसिंह चौहान ने बताया कि आठ महीने पहले भी इन्हीं टीचर्स ने मेरे बच्चे को बेरहमी से पीटा था।

उसके बाद उसे चार दिन तक बुखार रहा था। वह स्कूल जाने से घबराने लगा था। उस समय मैं खुद जाकर स्कूल में आवेदन देकर आया था कि मेरे बच्चे को मारना-पीटना नहीं है। लेकिन कुछ दिन खामोश रहने के बाद स्कूल के टीचर्स फिर परेशान करने लगे थे। चौहान ने कहा कि उनका बच्चा पढ़ाई में भी अच्छा था, लेकिन पता नहीं स्कूल वालों को क्या दुश्मनी थी। जिन शिक्षकों ने उसे पीटा है, वे स्कूल में ही अपनी कोचिंग चलाते हैं। जो बच्चे स्कूल के बाद उनकी कोचिंग में नहीं पढ़ने जाते, उनको वे परेशान करते हैं।

Leave a Reply