सस्ता हुआ सोना

गोल्ड मार्केट में इस साल 53,700 रुपये सस्ता हुआ सोना

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय व्यापार

गोल्ड मार्केट में इस साल 53,700 रुपये सस्ता हुआ सोना

एजेंसी, नई दिल्ली। देश के सर्राफा बाजार में इन दिनों पीली धातु की कीमतों में आई ऐतिहासिक गिरावट ने ग्राहकों और व्यापारियों के चेहरों पर रौनक लौटा दी है। इस साल जनवरी के अंतिम सप्ताह में 1.83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड हाई स्तर को छूने के बाद से सोने के भाव में लगातार नरमी दर्ज की जा रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, अपने उच्चतम स्तर से सोना अब तक 53,700 रुपये यानी 29.3 प्रतिशत तक सस्ता हो चुका है। पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोना नहीं खरीदने की गई अपील और वैश्विक आर्थिक संकेतों के बीच कीमतों में आए इस भारी करेक्शन ने बाजार का पूरा समीकरण बदल दिया है। अब शादी के सीजन के बीच घटे हुए दामों का फायदा उठाने के लिए खरीदारों की भारी भीड़ ज्वेलरी शॉप्स पर उमड़ रही है।

मुंबई के जवेरी बाजार में 1.20 लाख के करीब पहुंचा भाव

देश के सबसे बड़े सर्राफा केंद्रों में से एक मुंबई के जवेरी बाजार में इन दिनों जबरदस्त चहल-पहल देखी जा रही है। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि जब प्रधानमंत्री ने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी, उस समय बाजार में सोने का भाव 1.70 से 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास चल रहा था। अब यही भाव लुढ़ककर करीब 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। कीमतों में आई इस बड़ी राहत ने उन मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ा सहारा दिया है, जो आसमान छूते दामों के कारण शादी-ब्याह की खरीदारी को लेकर परेशान थे। दाम कम होने से अब ग्राहक खुलकर गहनों की बुकिंग और खरीदारी कर रहे हैं।

दिल्ली सर्राफा बाजार में लगातार 9वें दिन जारी रही गिरावट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमतों पर लगातार दबाव बना हुआ है। शुक्रवार को दिल्ली में लगातार 9वें कारोबारी सत्र में सोने के दाम नीचे आए। सर्राफा कारोबारियों के अनुसार, शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में 5,200 रुपये की भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद इसका भाव सभी टैक्स सहित 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। लगातार 9 सेशन तक चली इस गिरावट के दौरान सोना कुल 17,600 रुपये यानी 12 प्रतिशत तक सस्ता हो चुका है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी डॉलर में आई मजबूती, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्याज दरों में इजाफे की आशंकाओं ने सोने और चांदी दोनों की चमक को फीका किया है।

वेडिंग सीजन में बढ़ी डिमांड से छोटे कारोबारियों को मिली संजीवनी

सोने के भाव में आई इस बड़ी गिरावट से न केवल आम खरीदार खुश हैं, बल्कि बाजार के छोटे और मझोले व्यापारियों में भी खुशी की लहर है। सोने के कारोबारी हीराचंद जैन का कहना है कि कीमतों के नीचे आने से बाजार का माहौल पहले के मुकाबले काफी बेहतर हुआ है। ऊंचे दामों के कारण पिछले कई महीनों से छोटे ज्वेलर्स के पास ग्राहकों की संख्या बेहद कम हो गई थी, जिससे उनका कामकाज प्रभावित हो रहा था। अब शादी के सीजन में अचानक बढ़ी खरीदारी ने छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत दी है और बाजार में नकदी का प्रवाह फिर से तेज हो गया है।

बुलियन निवेश से बचने और देश की अर्थव्यवस्था बचाने की अपील

कीमतों में गिरावट के बीच सर्राफा संगठनों ने निवेशकों को एक महत्वपूर्ण सलाह भी दी है। ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और उपाध्यक्ष कुमार जैन ने प्रधानमंत्री की अपील को पूरी तरह सही ठहराते हुए कहा कि लोगों को सोने की खरीदारी के बजाय बुलियन में निवेश करने से बचना चाहिए। उन्होंने और व्यापारी हीराचंद जैन ने इस बात पर जोर दिया कि भारत को विदेशों से सोना आयात करने के लिए अमेरिकी डॉलर में भुगतान करना पड़ता है। जब देश में सोने की खपत और आयात बढ़ता है, तो भारत का कीमती पैसा विदेश चला जाता है। ऐसे में जरूरत के हिसाब से गहनों की खरीदारी तो ठीक है, लेकिन केवल निवेश के मकसद से बुलियन में पैसा लगाने से परहेज करना देश की अर्थव्यवस्था के हित में है।

ये भी पढ़े : जियो आईपीओ के लिए एक करोड़ से अधिक एप्लिकेशंस के साथ बना नया रिकॉर्ड बनाया

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply