गाजा : पीएम नेतन्याहू सैनिकों से मिले, हमास ने 17 बंधकों को आजाद किया

अंतर्राष्ट्रीय इजराइल फिलिस्तीन

गाजा| इजराइल और हमास के बीच सीजफायर के तीसरे दिन इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू गाजा पहुंचे। उन्होंने नॉर्थ गाजा में मौजूद सैनिकों से मुलाकात की। उन्होंने कहा- हम अपने बंधकों को वापस लाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा- जंग में हमारे तीन लक्ष्य हैं। पहला- हमास का खात्मा, दूसरा- बंधकों की वापसी और तीसरा- यह सुनिश्चित करना कि गाजा फिर से इजराइल के लिए खतरा न बने। इस बीच हमास ने आज बंधकों के तीसरे बैच में 13 इजराइलियों को आजाद कर दिया है। इसमें एक रूसी नागरिक है। बदले में इजराइल 39 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा।

वेस्ट बैंक में 2 फिलिस्तीनियों को मारकर खंभे पर लटकाया
इधर, वेस्ट बैंक में शुक्रवार की रात भीड़ ने 2 फिलिस्तीनियों को गोली मारकर बिजली के खंभे से लटका दिया। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक उन पर इजराइल के लिए जासूसी करने के आरोप लगे थे। एक फिलिस्तीनी पत्रकार ने टाइम्स ऑफ इजराइल को बताया कि भीड़ ने पहले तो दोनों को पीटा, उन्हें गोली मारी और उनके शवों को लातें मारीं। सोशल मीडिया पर इसके वीडियो वायरल हुए हैं। इनमें सैकड़ों लोग दिखाई दे रहे हैं। जबकि कुछ लोग मारे गए फिलिस्तीनियों को बिजली के खंभे पर लटका रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ लोगों ने दोनों फिलिस्तीनियों को इजराइली इंटेलिजेंस के लोगों से मिलते देखा था। आरोप है कि उन्हें इंटेलिजेंस शेयर करने के बदले हजारों डॉलर भी दिए गए थे। मारे जाने के बाद भीड़ ने उनके शवों को खंभे से उतारकर कचरे में फेंक दिया। अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि इस घटना के दौरान वहां फिलिस्तीनी अथॉरिटी मौजूद थी या नहीं।

यमन में इजराइली शिप हाईजैक
यमन के अदन तट पर अज्ञात लोगों ने इजराइली शिप को हाईजैक कर लिया है। हालांकि अब तक किसी संगठन ने ऐसा करने की जिम्मेदारी नहीं ली है। दरअसल, 19 नवंबर को यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर से एक कार्गो शिप गैलेक्सी लीडर को हाइजैक कर लिया था। ये जहाज तुर्किये से भारत आ रहा था। हूती विद्रोहियों ने इसे इजराइली जहाज समझ कर हाइजैक किया था।

हमास के कैदियों का अपनों से मिलन
सीजफायर के दूसरे दिन हमास ने शनिवार देर रात इजराइली बंधकों के दूसरे बैच को रिहा कर दिया। बदले में 39 फिलिस्तीनियों को इजराइली जेलों से छोड़ा गया। इजराइली सेना का कहना है कि युद्धविराम समझौते के तहत अदला-बदली के दूसरे दौर में हमास ने 13 इजराइलियों और चार विदेशियों को रिहा किया। ये चारों थाईलैंड के नागरिक हैं। रिहाई के बाद दोनों तरफ के लोग और उनके परिवार खुशी मना रहे हैं। हमास ने जिन बंधकों को रिहा किया, उनमें 8 बच्चे और 5 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 3 बच्चों की उम्र 10 साल से भी कम है। हमास की कैद से आजाद हुई 5 साल की रज अपनी 3 साल की बहन अवीव और मां के साथ बंधक थी। शनिवार को पिता से मिलने के बाद उसने कहा कि वो कैद में घर लौटने के सपने देखती थी। रिहा हुए कई बंधक ऐसे हैं, जिनके परिजन अब भी हमास के बंधक हैं। वहीं, शुक्रवार को रिहा हुई 9 साल की एमिली लगभग 50 दिन बाद शनिवार को अपने पिता से मिली। एमिली के पिता थॉमस हैंड को लगा था कि वो 7 अक्टूबर को हुए हमास के हमले में मारी गई है। इजराइली सेना ने उनसे कहा था कि उन्हें शक है कि एमिली जिंदा बची होगी। थॉमस सिंगल डैड हैं, उनकी पत्नी की कुछ साल पहले कैंसर से मौत हो गई थी। हमास की कैद में रहते हुए ही एमिली 9 साल की हुई।

Leave a Reply