भोपाल। पिछले नौ दिन से 400 चालक-परिचालकों की चल रही हड़ताल आखिरकार शनिवार को समाप्त हो गई। लिहाजा रविवार सुबह छह बजे से छह रूटों पर चलने वाली 149 बसें चलने लगेंगी। ज्ञात हो कि चालक और परिचालकों ने बस आपरेटर मां एसोसिएट द्वारा पीएफ और ईएसआइसी की राशि जमा नहीं करने पर 14 जून से हड़ताल शुरू की थी। इसके चलते हजारों यात्रियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बीसीएलएल द्वारा 15 जून तक का पेमेंट करने के बाद बस आपरेटर से छह महीने की पीएफ और ईएसआइसी राशि जमा करवाई गई। इसके बाद यह हड़ताल समाप्त हुई है। उधर भोपाल सिटी यान चालक-परिचालक ट्रेड यूनियन इंटर के अध्यक्ष अजीज खान ने बताया कि यह 30 जून तक पूरी राशि जमा नहीं हुई तो पांच जुलाई से फिर हड़ताल होगी। शनिवार को निगमायुक्त हरेंद्र नारायन और बीसीएलएल से मिले आश्वासन के बाद रविवार से बसों के संचालन के लिए चालक तैयार हुए हैं।
बस आपरेटर और बीसीएलएल का नहीं सुलझा विवाद
भले ही चालक और परिचालकों की हड़ताल फिलहाल कुछ दिनों के लिए खत्म हो गई है, लेकिन बस आपरेटर मां एसोसिएट और बीसीएलएल के बीच चल रहा 6 करोड़ 80 लाख राशि का विवाद नहीं सुलझा है।


