बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को किया रिलीज, रिप्लेसमेंट की मिलेगी अनुमति

बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को किया रिलीज, रिप्लेसमेंट की मिलेगी अनुमति

देश/प्रदेश महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय

एजेंसी, मुंबई। तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 सीजन से पहले अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर लिया गया है।

केकेआर ने आधिकारिक बयान में कहा, “कोलकाता नाइट राइडर्स पुष्टि करती है कि आईपीएल के नियामक बीसीसीआई/आईपीएल ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग सीजन से पहले मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। यह रिलीज उचित प्रक्रिया और परामर्श के बाद की गई है।” बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर केकेआर कोई रिप्लेसमेंट खिलाड़ी मांगती है, तो बोर्ड उसकी अनुमति देगा और आगे की जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी। मुस्तफिजुर को केकेआर ने दिसंबर 2025 में हुई मिनी ऑक्शन में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों की रिपोर्ट्स के बाद इस साइनिंग पर विवाद खड़ा हो गया था। मुस्तफिजुर आईपीएल 2026 में खेलने वाले एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी थे। अब KKR की नजरें रिप्लेसमेंट पर होंगी, ताकि उनकी गेंदबाजी इकाई मजबूत रहे। आईपीएल 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं और यह अपडेट टीम की रणनीति पर असर डालेगा।

‘शाहरुख खान की जीभ काटकर लाएगा उसे एक लाख का इनाम’, हिंदू महासभा लीडर का विवादित बयान
आईपीएल 2026 (IPL 2026) के लिए बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में शामिल करने पर फिल्म अभिनेता शाहरुख खान हिंदू संगठनों, धर्मगुरुओं और नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। इसी कड़ी में अखिल भारतीय हिंदू महासभा, आगरा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को लेकर विवादित बयान दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हमारे हिंदू भाइयों को जिंदा जला दिया गया है और यह आदमी उन्हें (बांग्लादेशी खिलाड़ियों को) खरीद रहा है। अगर हमारे भाइयों के साथ ऐसा होता रहा तो हम किसी को नहीं छोड़ेंगे। हमारे भाइयों के साथ जो हो रहा है, वह अन्याय है। जो कोई उसकी जीभ काटकर हमारे पास लाएगा, उसे हम 1 लाख रुपए नकद इनाम देंगे।

धर्मगुरुओं और राजनेताओं के निशाने पर शाहरुख
आपको बता दें कि अखिल भारतीय हिंदू महासभा, आगरा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर से पहले धर्मगुरुओं देवकीनंदन ठाकुर और जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भी फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के खिलाफ नाराजगी जताई थी। जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने हाल ही में कहा कि शाहरुख खान हीरो नहीं हैं। उनका कोई चरित्र नहीं है। वे गद्दारों जैसे काम कर रहे हैं। वहीं देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि एक टीम मालिक का दिल इतना पत्थर कैसे हो सकता है कि वह उस देश के खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल करे, जहां हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है। वहीं भाजपा नेता संगीत सोम ने कहा, हिंदुओं को बांग्लादेश में चुन-चुनकर मारा जा रहा है। ऐसे में वहां के खिलाड़ियों को खरीदना देश के साथ गद्दारी है। शाहरुख जैसे लोग गद्दार हैं। कभी ये पाकिस्तान का समर्थन करते हैं तो कभी बांग्लादेश का। हिंदुओं पर अत्याचार करने वाले हर उस देश का ये समर्थन करते हैं। ये नहीं जानते कि आपको सुपरस्टार भारत के लोगों ने बनाया है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) ने भी इस मुद्दे पर उनके खिलाफ बयान दिया है। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने एक बयान में कहा कि अगर अभिनेता उस खिलाड़ी को अपनी टीम से बाहर कर देते हैं तो इसमें कोई समस्या नहीं होगी और इससे शाहरुख खान की छवि को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी और पाकिस्तानी खिलाड़ियों को भारतीय धरती पर आईपीएल खेलने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।

क्या है विवाद की वजह?
बांग्लादेश में चुनाव से पहले हिंदुओं समेत अल्पसंख्यकों पर लगातार हमलों की खबरें दुनिया भर में सुर्खियों में बनी हुई हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और बर्बरता के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिससे भारतीयों में काफी गुस्सा है। ऐसे में लोग आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर बैन लगाने की मांग करने लगे हैं।

ये भी पढ़े : इंदौर त्रासदी पर सीएम ने अब बड़े अफसरों को हटाया, कमिश्नर पर भी गिरी गाज

Leave a Reply