कुपवाड़ा में सुरक्षा बलों ने 5 विदेशी आतंकी ढेर किए, पुलिस और सेना की संयुक्त कार्रवाई में मिली कामयाबी

जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय
श्रीनगर: जम्‍मू-कश्‍मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में शुक्रवार को सेना ने एनकाउंटर में पांच आंतकियों को मार गिराया है। जानकारी के मुताबिक आतंकियों के संबंध पाकिस्‍तान से थे। कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि कुपवाड़ा जिले के एलओसी से लगे जुमागुंड एरिया में पुलिस को आतंकियों के घुसपैठ का इनपुट मिला था। इसके बाद सेना और पुलिस की संयुक्‍त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी बीच आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पांचों आतंकियों को मार गिराया गया। मारे गए पांचों दहशतगर्त विदेशी हैं। अभी इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

सुरक्षा बलों ने एक विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर उत्तरी कश्मीर जिले में नियंत्रण रेखा के पास जुमागुंड क्षेत्र में एक अभियान शुरू किया, जो तड़के मुठभेड़ में तब्दील हो गया। जम्मू-कश्मीर के एडीजीपी विजय कुमार के मुताबिक, इस साल कुपवाड़ा सेक्टर में घुसपैठ की यह पहली बड़ी कोशिश है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

बता दें कि इससे पहले 13 जून को कुपवाड़ा जिले में ही एलओसी से लगे दोबनार मच्छल इलाके में सेना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए थे। इससे पहले आर्मी ने दावा किया था कि जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी संगठनों ने अपने ओवर ग्राउंड वर्कर्स के रूप में महिलाओं, लड़कियों और नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। वे इनसे हथियार, मैसेज और ड्रग्स की सप्लाई करवा रहे हैं। चिनार कॉर्प्स के लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह औजला ने यह जानकारी दी थी।

Leave a Reply